
प्रदेश की सात सीटों पर उप चुनाव की घोषणा के साथ ही राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। रामगढ़ में 13 नवंबर को वोटिंग होगी और 23 नवंबर को परिणाम आएगा। कांग्रेस विधायक जुबेर खान का निधन होने पर यह सीट खाली हुई है। चुनाव की घोषणा के साथ ही पूरे अलवर जिले में आदर्श आचार-संहिता और धारा 144 लागू हो गई है।
इसकी सख्ती से पालना कराने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। जिला निर्वाचन अधिकारी आर्तिका शुक्ला ने प्रेस वार्ता में कहा कि इस बार उप चुनाव ग्रीन इलेक्शन थीम पर कराया जाएगा। इसके तहत पोलिंग बूथ पर प्लास्टिक का प्रयोग नहीं किया जाएगा। दस आदर्श मतदान केंद्रों पर 100 पौधे भी लगाए जाएंगे।
सभी राजनीतिक दलों से भी आग्रह किया गया है कि वे अपनी सभा व प्रचार में सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग नहीं करें। चुनाव के लिए 562 ईवीएम की जांच की जा चुकी है। चुनाव के लिए करीब 1500 कार्मिकों की जरूरत रहेगी।
18 अक्टूबर- अधिसूचना और नामांकन की शुरुआत
25 अक्टूबर- नामांकन की आखिरी तारीख
28 अक्टूबर- नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी
30 अक्टूबर- नाम वापसी की आखिरी तारीख
13 नवंबर- मतदान
23 नवंबर- मतगणना
कुल मतदाता: 2,74,180 (पुरुष: 1,44,914) (महिला: 1,29,266)
रामगढ़ उपचुनाव की राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। कांग्रेस दिवंगत विधायक जुबेर खान के बेटे आर्यन खान को टिकट देने की तैयारी में है, हालांकि अंतिम फैसला आलाकमान करेगा। कांग्रेस जातिगत समीकरण साधने में जुटी है और सेक्टर प्रभारी अपनी रिपोर्ट सौंपेंगे। वहीं, भाजपा में प्रत्याशी को लेकर असमंजस बना हुआ है।
जय आहूजा, सुखवंत सिंह, और बनवारी लाल सिंघल टिकट के दावेदार हैं, लेकिन पार्टी किसी चौंकाने वाले नाम की घोषणा भी कर सकती है। कांग्रेस सहानुभूति लहर के सहारे जीत की उम्मीद कर रही है, जबकि भाजपा राज्य और केंद्र सरकार की योजनाओं के दम पर मैदान में उतरेगी। अब देखना यह है कि जनता किसे अपना समर्थन देती है।
उन्होंने बताया कि उप चुनाव के लिए 6 मतदान केंद्र बढ़ाए गए हैं। पहले कुल मतदान केंद्र 278 थे, जिन्हें बढ़ाकर 284 किया गया है। इस विधानसभा क्षेत्र की 205 लोकेशन पर ये मतदान केंद्र बनाए गए हैं। अब तक 116 संवेदनशील मतदान केंद्र चिन्हित किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि आदर्श मतदान केंद्रों की संख्या में भी इजाफा किया गया है। अब 10 आदर्श मतदान केंद्र होंगे। इसके अलावा महिलाओं द्वारा संचालित 8, विशेष योग्यजन द्वारा 2 और युवाओं द्वारा संचालित 8 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।
विधानसभा चुनाव की तरह ही उप चुनाव में भी होम वोटिंग की सुविधा दी जाएगी। 85 साल से बड़े लोग और विशेष योग्यजनों को यह सुविधा मिलेगी। 85 वर्ष अधिक के 168 और विशेष योग्यजन 80 मतदाता चिन्हित किए गए हैं।
मिनी सचिवालय में कंट्रोल रूम बनाया गया है, जो 24 घंटे काम करेगा। इसका फोन नंबर-0144-2338000
सी-विजिल ऐप के जरिए भी शिकायत की जा सकेगी, जिसका निस्तारण 100 मिनट में किया जाएगा।
रामगढ़ में भी कंट्रोल रूम बनेगा जो 24 घंटे काम करेगा।
बाबू शोभाराम कला महाविद्यालय से पोलिंग पार्टियां रवाना होंगी। स्ट्रॉन्ग रूम भी यही बनाया गया है।
Updated on:
16 Oct 2024 12:13 pm
Published on:
16 Oct 2024 12:13 pm
