
हादसे में पलटा ट्रैक्टर (फोटो - पत्रिका)
कठूमर थाना क्षेत्र के ग्राम सिटाहेडा-बीजला मार्ग पर मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। टिटपुरी से अपने गांव बीजला लौट रहे दादा और पोते की ट्रैक्टर पलटने से मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार सहित पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बीजला निवासी तेजपाल पुत्र हरिसिंह जाट (उम्र 58 वर्ष) मंगलवार दोपहर करीब तीन से साढ़े तीन बजे के बीच अपने आठ वर्षीय पोते अभिषेक के साथ किसी कार्य से टिटपुरी गए थे। कार्य निपटाने के बाद दोनों ट्रैक्टर से गांव लौट रहे थे। इसी दौरान ग्राम सिटाहेडा और बीजला के बीच सड़क किनारे अचानक ट्रैक्टर की पावर स्टीयरिंग फेल हो गई, जिससे ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गया और पलट गया।
हादसे में ट्रैक्टर के पहियों के नीचे दबने से मासूम अभिषेक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तेजपाल गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायल तेजपाल को अलवर के सामान्य अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलने पर कठूमर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रखवाया। बताया गया है कि दादा-पोते का पोस्टमार्टम बुधवार को कराया जाएगा। इस हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजन गहरे सदमे में हैं।
Published on:
14 Jan 2026 12:39 pm
बड़ी खबरें
View Allअलवर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
