
हमेशा किसी न किसी कारण चर्चित रहने वाला राजकीय मेडिकल कॉलेज सद्दरपुर में एक छात्रा ने यौन उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए आत्महत्या की धमकी दी है। छात्रा ने कॉलेज की एक कमेटी को बाकायदा ई मेल कर इसकी जानकारी दी।इसके बाद शनिवार देर रात अलीगंज थाने की पुलिस टीम मेडिकल कॉलेज पहुंची। उधर मेडिकल कॉलेज की आंतरिक कमेटी ने प्रकरण की जांच शुरू कर दी है।
राजकीय मेडिकल कॉलेज सद्दरपुर एक बार फिर विवादों के घेरे में है। बीते सात अगस्त को जनपद दौरे पर आए सीएम योगी आदित्यनाथ ने मेडिकल कॉलेज में फैली अव्यवस्थाओं का जिक्र खासतौर पर किया था। इसके बाद प्राचार्य को वहां से हटाकर नए प्राचार्य की तैनाती की गई। दरअसल यहां पिछले दो वर्ष से कभी मेडिकल छात्र-छात्राओं तो कभी नर्सिंग स्टाफ द्वारा उत्पीड़न का आरोप लगाकर आंदोलन किया जाता रहा है। मेडिकल कॉलेज के ज्यादातर शिक्षकों ने भी सामूहिक रूप से मनमानी के विरोध में त्याग पत्र भेज दिया था। इन सब मामलों के बीच यहां दूसरे प्राचार्य की तैनाती हुई है।
अब इसके बाद एक मेडिकल छात्रा ने यौन उत्पीड़न का आरोप लगाकर राजकीय मेडिकल कॉलेज को फिर से चर्चा में ला दिया है। छात्रा ने अपना नाम तो नहीं बताया, लेकिन मेडिकल कॉलेज की हैरेसमेंट कमेटी के सदस्यों को ई मेल भेजकर कुछ कर्मचारियों पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है। पैरा मेडिकल विंग की छात्रा ने ई मेल में लिखा कि वह तो दुनिया से चली जाएगी, लेकिन बाकी साथियों के साथ ऐसा न हो यह तय करना होगा। छात्रा की शिकायत मिलते ही कॉलेज प्रशासन में हड़कंप मच गया। आनन-फानन वरिष्ठ विभागीय अधिकारियों तथा जिला व पुलिस प्रशासन को अवगत कराया गया। इसके बाद शनिवार देर रात ही अलीगंज पुलिस टीम मेडिकल कॉलेज में पहुंच गई। पुलिस ने वहां सुरक्षा का जायजा लिया। इसके बाद वापस लौट आई।
कॉलेज के मीडिया प्रभारी डॉ. विवेक श्रीवास्तव ने बताया कि छात्रा की शिकायत मिली है। आंतरिक कमेटी जांच कर रही है। कानून व्यवस्था की स्थिति देखने के लिए पुलिस टीम भी पहुंची थी।
पुलिस कर रही ई मेल की जांच, पांच लोगों से पुलिस की पूछताछ
मेडिकल कॉलेज की छात्रा ने 13 सितंबर की देर रात अज्ञात नाम से ई-मेल किया था। मेडिकल कॉलेज प्रशासन छात्रा का नाम पता लगाने की कोशिश कर रहा है, जिससे मामले की तह तक जाया जा सके। इसके लिए पुलिस को वह ई मेल अकाउंट दे दिया गया है, जिससे उत्पीड़न की शिकायत की गई थी। पुलिस इसके आधार पर संबंधित छात्रा के नाम पते तक पहुंचने के लिए छानबीन कर रही है। इसके बाद आगे की कार्रवाई मेडिकल कॉलेज प्रशासन देखेगा। पांच लोगों से पूछताछ कर रही पुलिस।
Published on:
16 Sept 2024 09:23 am
बड़ी खबरें
View Allअम्बेडकर नगर
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
