
CM tweet on Medical college
अंबिकापुर. मेडिकल कॉलेज में फैकल्टी की कमी को मुख्य कारण बताते हुए एमसीआई ने अंडरटेकिंग देने से इनकार कर दिया था। इधर संसाधनों की कमी के बावजूद मुख्यमंत्री के विशेष प्रयासों से केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने आदिवासी क्षेत्र के विकास को ध्यान में रखते एक बार फिर से मेडिकल कॉलेज को मान्यता प्रदान कर दी है। इसकी जानकारी खुद मुख्यमंत्री ने ट्वीट कर शहर के लोगों को दी। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा है कि मेडिकल कॉलेज की मान्यता देने के लिए 'प्रधानमंत्री व केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री को धन्यवाद'।
एमसीआई द्वारा ६ मार्च को कम्पलायंस निरीक्षण के बाद पिछले दिनों स्वास्थ्य सचिव व डीन के साथ हुई बैठक के बाद फैकल्टी की कमी को मुख्य वजह मानते हुए अंडरटेकिंग दने से इंकार कर दिया गया था। इसके बाद शासन व कॉलेज प्रबंधन की आंखें खुलीं और कमियों को पूरा करने की कवायद तेज कर दी गई थी।
फैकल्टी की कमी को पूरा करने के लिए एमसीआई के निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित रहे प्रोफेसरों के स्पष्टीकरण को लेने के बाद अन्य कमियों को पूरा करने की कवायद तेज कर दी गई थी। एमसीआई के मानक के अनुरूप कमियों को पूरा करने के लिए शासन द्वारा रायगढ़ मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ एसएल आदिले को भी लगाया गया था। एक दिन पूर्व ही दस्तावेजों को लेकर रायगढ़ व अंबिकापुर के डीन भी दिल्ली स्थित एमसीआई के कार्यालय रवाना हो गए थे।
सोमवार को स्वास्थ्य सचिव निहारिका बारिक के पहुंचने के बाद एमसीआई के अधिकारियों से चर्चा कर प्रोफेसरों व असिस्टेंट प्रोफेसरों के अनुपस्थित रहने के संबंध में दस्तावेजों सहित रिपोर्ट सबमिट की गई। इसके बाद एमसीआई ने मेडिकल कॉलेज अंबिकापुर को मान्यता देने हेतु केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय को अनुशंसा कर दी।
फिर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा सोमवार की ही दोपहर १२ बजे तक मान्यता प्रदान करने की जानकारी छत्तीसगढ़ सरकार को दी गई। मान्यता मिलने के बाद इसकी खबर अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज में पहुंचने पर प्रबंधन ने खुशी जाहिर की।
सीएम बोले-आदिवासी क्षेत्र के विकास के लिए प्रतिबद्ध है सरकार
मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह ने मेडिकल कॉलेज की मान्यता मिलने के बाद इसकी जानकारी ट्वीट करके दी। उन्होंने अपने ट्वीटर अकाउंट में लिखा कि 'सरगुजा में मेडिकल कॉलेज को मान्यता देने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व जेपी नड्डा को हार्दिक धन्यवाद'। उन्होंने आगे अपने ट्वीट में लिखा है कि छत्तीसगढ सरकार आदिवासी क्षेत्र के विकास हेतु प्रतिबद्ध है, यह मेडिकल कॉलेज सरगुजा संभाग में चिकित्सा शिक्षा को नए आयाम प्रदान करेगा।
फिर सरकार के भरोसे मिली मान्यता
इसके पूर्व भी सरकार की अनुशंसा के बाद केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने रात के 12 बजे मेडिकल कॉलेज अंबिकापुर की फाइल मंगाकर मान्यता दी थी। एक बार फिर से कॉलेज प्रबंधन के पूरी तरह से नाकाम होने पर प्रदेश के मुखिया की पहल पर स्वास्थ्य मंत्री ने अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज को मान्यता प्रदान कर दी। लेकिन यहां सबसे बड़ा प्रश्न यह है कि कब तक मेडिकल कॉलेज अपनी कमियों को पूरा करने की बजाए सरकार के भरोसे मान्यता के लिए प्रयास करती रहेगी।
जिला खनिज न्यास से मिले हैं 10 करोड़ 82 लाख
कलक्टर किरण कौशल द्वारा एमसीआई के निर्देशों के अनुरूप मेडिकल कॉलेज में आवश्यक संरचनाओं के विकास के लिए जिला खनिज संस्थान न्यास से लगभग 10 करोड़ 82 लाख की राशि उपलब्ध कराई गई है। साथ ही समीप स्थित परिसर को भी मेडिकल कॉलेज संचालन के लिए उपलब्ध कराया गया। कलक्टर ने मेडिकल कॉलेज को मान्यता प्राप्त होने पर अस्पताल प्रबंधन को बधाई देते हुए लोगों को पूरी संवेदनशीलता के साथ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने कहा है।
प्रस्तुतिकरण में इन सुविधाओं का किया जिक्र
मेडिकल कॉलेज के अधीक्षक डॉ. एके जायसवाल ने बताया कि एमसीआई व भारत सरकार के समक्ष कॉलेज में वर्तमान में उपलब्ध समस्त संसाधन व सुविधाओं के संबंध में प्रस्तुतिकरण दिया गया। मेडिकल कॉलेज में प्रोफेसर, एसोसिएट प्रोफेसर, असिस्टेंट प्रोफेसर, डिमॉन्स्टे्रटर, ग्रेजुएट डॉक्टर्स, फैकल्टी में पाई गई कमियों, रेसीडेन्ट डॉक्टर, सर्जरी एवं ऑर्थोपेडिक के लिए बेड की उपलब्धता, उपकरण और फर्नीचर, नर्सिंग स्टाफ,
पैरामेडिकल एण्ड नॉन टीचिंग स्टाफ, ओपीडी में महिला एवं पुरूष मरीजों का अलग-अलग पंजीयन, महिला एवं पुरूष मरीजों के लिए अलग-अलग इंजेक्शन, डे्रसिंग रूम, माइनर ऑपरेशन थियेटर, लेक्चर थियेटर, सेन्ट्रल लाइब्रेरी, रेडियो डायग्नोसिस आदि का मेडिकल कॉलेज में उपलब्धता के संबंध में प्रेजेंटेशन दिया गया।
सीएम को यहां के लोगों की चिंता
सरगुजा मेडिकल कॉलेज को मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह के प्रयासों से केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने मान्यता प्रदान की है। यहां के लोगों की मुख्यमंत्री को चिंता है। सरकार सभी के लिए काम कर रही है।
धरमलाल कौशिक, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष
केंद्रीय मंत्री व सीएम के प्रयास को शुभकामनाएं
मेडिकल कॉलेज अंबिकापुर को एमसीआई की अनुशंसा के बाद केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा मान्यता प्रदान कर दी गई है। इसके लिए केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की पहल हेतु किये ग्रए प्रयासों को शुभकामनाएं। सरगुजा के लोगों को स्वास्थ्य के क्षेत्र में मिली इस सौगात के लिए बधाई। मेडिकल कॉलेज की मान्यता के लिए प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से प्रयास करने वाले सभी धन्यवाद के पात्र हैं।
टीएस सिंहदेव, नेता प्रतिपक्ष
सरगुजावासियों की ओर से धन्यवाद
एमसीआई की अनुशंसा पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा मेडिकल कॉलेज को मान्यता दिया जाना बहुत खुशी की बात है। इसके लिए मुख्यमंत्री व स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा को सरगुजावासियों की तरफ से धन्यवाद ज्ञापित करते हैं। सीएम व केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री की प्राथमिकता की वजह से यह संभव हो सका।
अनुराग सिंहदेव, प्रदेश मंत्री, भाजपा
Published on:
07 May 2018 07:29 pm
बड़ी खबरें
View Allअंबिकापुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
