24 दिसंबर 2025,

बुधवार

Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

icon

प्लस

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

सरगुजा में मिला एक और कोरोना पॉजिटिव, महाराष्ट्र से लौटा था युवक, पिता समेत 12 आए संपर्क में, 4 दिन में 2 पॉजिटिव

Covid-19: मैनपाट के जामडीह स्थित क्वारेंटाइन सेंटर में रखा गया था युवक, संपर्क में आए सभी 12 लोगों का लिया गया सैंपल, कोविड-19 अस्पताल में मरीजों की संख्या हुई चार

3 min read
Google source verification
सरगुजा में मिला एक और कोरोना पॉजिटिव, महाराष्ट्र से लौटा था युवक, पिता समेत 12 लोग आए संपर्क में, 4 दिन में 2 पॉजिटिव

Mainpat Jamdih Quarantine center

अंबिकापुर. सरगुजा में कोरोना संक्रमण का खतरा बढ़ता जा रहा है। एक और नया कोरोना पॉजिटव केस सामने आने से जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग में हडक़ंप मचा हुआ है। जिले के मैनपाट के जामडीह क्वारंटीन सेंटर में रह रहा युवक कोरोना पॉजिटिव पाया गया। युवक महाराष्ट्र से लौटा था।

यहां उसे जामडीह क्वारंटीन सेंटर में रखा गया था और रैंडम जांच की गई। जिसमें वह पॉजिटिव पाया गया है। वहीं इसके संपर्क में इसके पिता व क्वारंटीन सेंटर में कुल 11 लोग थे। सभी 12 लोगों का सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा जा रहा है। वहीं पॉजिटिव पाए गए युवक को अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज के कोविड अस्पताल में भर्ती किया गया है।

इससे अब सरगुजा जिले में कोरोना पॉजिटिव की संख्या दो हो गई। इससे दो दिन पूर्व शहर के मोमिनपुरा में एक महिला कोरोना पॉजिटिव पाई गई है। इसका भी इलाज कोविड अस्पताल में चल रहा है।


19 मई को मैनपाट का एक 25 वर्षीय युवक महाराष्ट्र से वापस रायगढ़-धर्मजयगढ़ के रास्ते पहुंचा था। प्रशासन के निर्देश पर युवक को मैनपाट के जामडीह क्वारंटीन सेंटर में रखा गया था। यहां उसका कोरोना जांच के लिए रैंडम सैंपल लिया गया था। जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।

युवक को भी इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज के कोविड अस्पताल लाया गया है। यहां इससे पूर्व कोविड अस्पवताल में एक महिला सहित तीन लोग भर्ती हैं। अब अस्पताल में मरीजों की संख्या कुल चार हो गई है।

दो दिन पूर्व शहर के मोमिनपुरा में एक महिला कोरोना पॉजिटिव पाई गई है। युवक रायगढ़ से होते हुए मैनपाट पहुंचा था। स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि युवक अपने पिता के भी संपर्क में आया है। वहीं क्वारंटीन सेंटर में कुल 11 लोग रूके हुए हैं। सभी 12 लोगों का सैंपल लिया जा रहा है।


एक की रिपोर्ट निगेटिव
सूरजपुर जिले के जयनगर के कोरोना पॉजिटिव युवक के संपर्क में आए शहर के खरसिया चौक निवासी युवक की रिपोर्ट निगेटिव आई है। वह कोरोना पॉजिटिव युवक के साथ दिल्ली से अंबिकाुपर साथ में कार मेंं सवार होकर लौटा था। जो कि स्वास्थ्य विभाग के लिए राहत की बात है।


कंटेनमेंट जोन में गर्भवती महिलाओं पर विशेष ध्यान
प्रशासनिक अधिकारियों के साथ निगम अमले की एक टीम भी कंटेनमेंट जोन मोमिनपुरा में लगाई गई है। इनके साथ डॉक्टरों की टीम भी मौके पर मौजूद है। स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने निर्देश दिए हैं कि कंटेनमेंट जोन में फंसे किसी भी व्यक्ति को किसी तरह की कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए।

मोमिनपुरा कंटेनमेंट जोन में कुल ४ हजार लोगों की सूची तैयार की गई है। इनके स्वास्थ्य परीक्षण के लिए मितानिन, आरएचओ, एएनएम की टीम को लगाया गया है। वहीं स्वास्थ्य मंत्री के निर्देश पर जिला प्रशासन कंटेनमेंट जोन में फंसे गर्भवती महिलाओं की भी सूची तैयार कर रहा है।

गर्भवती महिलाओं टीकाकरण, दुध, सब्जी सहित अन्य सुविधाओं का ध्यान में रखा जा रहा है। कंटेनमेंट जोन में फंसे किसी भी व्यक्ति को कोई परेशानी नहीं हो इसके लिए जिला प्रशासन द्वारा पूरी व्यवस्था की जा रही है। वहीं पिछले दो दिनों में कोरोना पॉजिटिव महिला के घर के आसपास रहने वाले 60 से ज्यादा लोगों का आरटी पीसीआर टेस्ट किया गया है। इनकी रिपोर्ट आना अभी बाकी है।


तीन दिन पूर्ण होने पर एक पॉजिटिव का भेजा सैंपल
मेडिकल कॉलेज अस्पताल के कोविड वार्ड में एक महिला सहित कुल तीन लोग कोरोना पॉजिटिव भर्ती हैं। मैनपाट में एक केस मिलने के बाद अब संख्या चार हो गई है। वहीं कोरिया जिले के चिरमिरी हल्दीबाड़ी से भर्ती किए गए कोरोना पॉजिटिव युवक का तीन दिन दिन पूर्ण होने पर उसका जांच के लिए सैंपल पुन: भेजा गया है।

अगर इसकी रिपोर्ट निगेटिव आती है तो पुन: एक और सैंपल जांच कि लिए भेजा जाएगा। अगर इस में भी निगेटिव पाया जाता है तो वह पूर्ण रूप से स्वस्थ माना जाएगा। वहीं अंबिकापुर मोमिनपुरा में मिली कोरोना पॉजिटिव महिला व सूरजपुर का पॉजिटिव युवक का इलाज अभी चल रहा है।


एक गर्भवती महिला आइसोलेशन में
स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार कोरोना संदिग्ध मानते हुए मैनपाट निवासी एक महिला को आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया है। इसके साथ दो और लोगो को लाया गया है। वहीं मंगल भवन में बने आइसोलेशन में कुल १८ लोगों को रखा गया है। सभी का सैंपल जांच कि लिए भेजा गया है।

इनकी रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल सकेगा। गर्भवती महिला को महाराष्ट्र्र से मैनापट आना बताया जा रहा है। आइसोलेशन वार्ड में भर्ती सभी लोगों की चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य जांच के साथ ही भोजन की व्यवस्था अस्पताल प्रबंधन द्वारा की जा रही है।