
Pregnant women death
अंबिकापुर. लण्ड्रा स्वास्थ्य केन्द्र के डॉक्टर व नर्स की लापरवाही के कारण एक गर्भवती महिला की मंगलवार की सुबह मौत हो गई। यह आरोप मृतिका के परिजन ने लगाया है। परिजन का कहना है कि महिला को प्रसव पीड़ा होने पर सोमवार की रात लुण्ड्रा स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया था। यहां डॉक्टर व नर्स ने महिला के पेट को काफी ज्यादा दबा दिया था।
प्रसव के दौरान पीडि़ता द्वारा चिल्लाने पर उससे मारपीट की गई थी। चिकित्सक जब रात में प्रसव नहीं करा सके तो मंगलवार की सुबह भी प्रयास किया। इस दौरान महिला बेहोश हो गई।
इसके बाद चिकित्सकों ने उसे अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया। यहां जांच के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजन ने कहा कि इसकी मौत लुंड्रा अस्पताल में ही हो गई थी। चिकित्सकों ने बेहोश होने का बहाना बनाकर उसे रेफर कर दिया था।
लुण्ड्रा थाना क्षेत्र के ग्राम बुलगा निवासी 22 वर्षीय मंगली पैकरा पिता शंकर पैकरा गर्भवती थी। इसकी जांच लुण्ड्रा स्वास्थ्य केन्द्र में हर महीने चल रहा था। जांच के दौरान चिकित्सकों ने सब ठीक बताया था। सोमवार की रात को महिला को प्रसव पीड़ा शुरू हुई। परिजन ने उसे प्रसव कराने के लिए लुण्ड्रा स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया।
महिला के प्रसव के दौरान काफी परेशानी हो रही थी। परिजन का कहना है कि चिकित्सक डॉ. लहरे व नर्स करिश्मा प्रसव कराने के दौरान महिला का पेट भी जबरदस्ती दबा रहे थे। इस दौरान महिला प्रसव से चिल्ला रही थी।
चिल्लाने पर उसे मार भी रहे थे। महिला दर्द से तड़पती रही। चिकित्सकों ने उसे रेफर करने की बजाए सुबह कोशिश करने की बात कह कर उसे रात भर अस्पताल में ही रखा।
अस्पताल में ही हो गई थी बेहोश
मंगलवार की सुबह डॉक्टरों ने पुन: प्रयास किया। इस दौरान महिला बेहोश हो गई। महिला के बेहोश होने पर चिकित्सक ने उसे रेफर कर दिया। परिजन जब मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले कर आए तो यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं परिजन का कहना है कि अगर चिकित्सक समय रहते ही उसे रेफर कर देते तो उसकी जान बच सकती थी।
मितानिन ने भी बताई लापरवाही
लण्ड्रा स्वास्थ्य केन्द्र में महिला की प्रसव के दौरान गांव की मितानिन सीता बाई व बाई रजमती भी लेबर रुम में ही थे। दोनों ने बताया कि चिकित्सक व नर्स इसके साथ निर्दयी पूर्वक प्रसव करा रहे थे। प्रसव के दौरान महिला का पेट काफी दबा रहे थे। जबकि हल्का दबाया जाता है। वहीं महिला को चिल्लाने पर उसे मार भी रहे थे। महिला की मौत स्वास्थ्य केन्द्र में ही हो गई थी। मौत होने के बाद उसे रेफर कर दिया गया था।
लुण्ड्रा स्वास्थ्य केन्द्र में ही हो गई थी मौत
परिजन ने महिला व उसके पेट में बच्चे की मौत का कारण लुण्ड्रा स्वास्थ्य केन्द्र के चिकित्सक को बताया है। परिजन का कहना है कि प्रसव के दौरान चिकित्सक लहरे व नर्स करिश्मा ने महिला के साथ काफी लापरवाही की है। प्रसव आराम से कराने की बजाय उसका पेट जबरदस्ती दबा रहे थे।
वहीं चिल्लाने पर उसे मार कर रहे थे। प्रसव पीड़ा से महिला बेहोश हो गई और उसकी वहीं मौत हो गई। मौत होने के बाद चिकित्सक ने बचने के लिए बेहोशी का बहाना बनाकर व बच्चा स्वस्थ रहने की बात कह कर उसे अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया था।
Updated on:
3 Oct 2018, 5:11 PM IST
Published on:
3 Oct 2018, 5:11 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.