
Ring road
अंबिकापुर. कांग्रेस ने एनएच ४३ की अंबेडकर चौक से रेलवे स्टेशन की जर्जर सड़क व रिंग रोड की बदहाली को लेकर आंदोलन की चेतावनी दी है। कांग्रेस पदाधिकारियों ने कलक्टर को ज्ञापन सौंपकर कहा है कि अगर 1 अक्टूबर तक अंबेडकर चौक से रेलवे स्टेशन की सड़क का काम शुरू नहीं होता है तथा रिंग रोड के गड्ढे नहीं भरे गए तो आंदोलन किया जाएगा।
गौरतलब है कि एनएच-43 की अंबेडकर चौक से रेलवे स्टेशन मोड़ तक की सड़क अत्यंत जर्जर है, इसके कारण लोगों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं, दिन-रात धूल का गुबार उडऩे से लोगों को काफी तकलीफ झेलनी पड़ रही है।
वहीं सड़क विकास निगम के निर्माणाधीन रिंग रोड की भी यही स्थिति है। गड्ढों के कारण इस रोड पर भी धूल का अंबार है, जिससे रिंग रोड के निवासियों को काफी परेशानी हो रही है। अस्थमा के भी मरीज बढ़ रहे हैं। कांग्रेस का कहना है कि रिंग रोड की निविदा शर्त में उल्लेख है कि जिस स्थिति में रिंग रोड का निर्माण कार्य प्रारंभ होगा, उस स्थिति को मेंटेन रखने की जवाबदारी ठेकेदार की होगी, लेकिन वर्तमान में रिंड रोड की स्थिति भयावह है।
प्रारंभ की स्थिति को मेंटेन नहीं रखा गया है। कांग्रेस ने मांग की है कि निर्माणाधीन रिंग रोड पर जहां चौराहे हैं, वहां पहले निर्माण कार्य कराया जाए, ताकि दुर्घटनाएं न हो और लोगों को धूल से राहत मिले। साथ ही रिंड के काम में भी तेजी लाए जाए, पानी का लगातार छिड़काव हो।
ज्ञापन सौंपने वालों में कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक, महापौर डॉ. अजय तिर्की, शफी अहमद, अजय अग्रवाल, जेपी श्रीवास्तव, द्वितेंद्र मिश्रा, राजेश मलिक, नीता विश्वकर्मा, हेमंत सिन्हा, राकेश गुप्ता, हेमंत तिवारी व अन्य पदाधिकारी शामिल थे।
1 अक्टूबर तक का दिया है समय
कांग्रेस ने कलक्टर को ज्ञापन सौंपकर कहा है कि अगर १ अक्टूबर तक अंबेडकर चौक से रेलवे स्टेशन मोड़ तक कार्य प्रारंभ नहीं होता है तथा रिंग रोड के गड्ढे नहीं भरे गए तो आंदोलन किया जाएगा।
एनएच के नवीनीकरण का हो चुका है टेंडर
एनएच के असिस्टेंट इंजीनियर नितेश तिवारी ने बताया कि अंबेडकर चौक से रेलवे स्टेशन तक की सड़क के नवीनीकरण कार्य के लिए 4 करोड़ 28 लाख की राशि स्वीकृत हुई है। इसका टेंडर हो चुका है, बारिश के मौसम की वजह से काम नहीं हो पाया था। 15 अक्टूबर के बाद काम प्रारंभ कर दिया जाएगा, फिलहाल इस सड़क के गड्ढों को भरने का काम किया जाएगा।
Published on:
30 Sep 2018, 4:19 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.