
storm
अंबिकापुर. पश्चिम मध्यप्रदेश से असम तक बने टर्फ लाइन की वजह से रविवार की शाम अचानक अंबिकापुर शहर सहित आस-पास का मौसम बदल गया। तेज आंधी ने जहां कई पेड़ धराशायी कर दिए, वहीं घरों के छप्पर उड़ गए। बारिश के साथ बिजली के तारों पर पेड़ गिरने से ब्लैक आउट की स्थिति निर्मित हो गई। मौसम में बदलाव का आलम यह रहा कि 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली। मौसम विभाग द्वारा 24 घंटे का अलर्ट भी जारी किया गया है।
पिछले कुछ दिनों से मौसम के बदलते तेवर की वजह से आए दिन शाम को बारिश व तेज हवा से लोगों को गर्मी से राहत जरूर मिल रही है। लेकिन रविवार को शहर सहित आसपास के क्षेत्र का शाम को अचानक मौसम बदल गया और तेज हवा के साथ आसमान पर बिजली गरजना शुरू हो गई। थोड़ी देर में तेज हवा के साथ बारिश भी शुरू हो गई।
काफी देर तक हुए झमाझम बारिश की वजह से लोगों को गर्मी से राहत जरूर मिली। मौसम विभाग के अनुसार शहर का अधिकतम तापमान 38.8 डिग्री सेल्सियस रेकॉर्ड किया गया। जबकि न्यूनतम तापमान 24.2 डिग्री दर्ज किया गया। बारिश के साथ तेज हवा की वजह से जगह-जगह पेड़ भी गिर गए।
60 किमी प्रतिघंटा के रफ्तार से चली हवा
अचानक बदले मौसम में तेज बारिश के साथ हवा भी चली। तेज हवा की वजह से कई टू-व्हीलर वाहन इधर-उधर फेंका गए। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिम मध्यप्रदेश से बिहार होते हुए असम तक टर्फ लाइन का क्षेत्र बने होने की वजह से गरज-चमक के साथ बारिश शुरू हो गई। मौसम विभाग के अनुसार बारिश के दौरान 50 से 60 किमी की रफ्तार से हवा चल रही थी। बारिश के दौरान तेज हवा का असर चार पहिया वाहन पर भी पड़ा रहा था। इसकी वजह से अधिकांश वाहन चालक ने सड़क किनारे वाहन खड़े कर दिए थे।
24 घंटे का जारी किया अलर्ट
मौसम विभाग द्वारा 24 घंटे का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार मौसम का यह बदलाव आने वाले 24 घंटे तक रहेगा।
आधे शहर में रही ब्लैक आउट की स्थिति
तेज हवा व बारिश की वजह से शहर के अधिकांश क्षेत्र अंधेरे में डूब गए। काफी देर तक गुदरी चौक, गांधीनगर, देवीगंज मार्ग, जोड़ा पीपल रोड, डीसी रोड, रामनुजगंज रोड, संजय पार्क सहित अन्य क्षेत्रों में देर रात तक लाइट गुल रही।
Published on:
20 May 2018 10:03 pm
बड़ी खबरें
View Allअंबिकापुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
