
Drops of dew on leaves
अंबिकापुर. Weather Report: उत्तर भारत के पर्वतीय राज्यों में बर्फबारी व सरगुजा में बादल छंटने के बाद व उत्तर-पश्चिम की ओर से आने वाली हवाओं के कारण सरगुजा में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। पूरा सरगुजा संभाग शीतलहर (Cold wave) की चपेट में है, लोग ठंड से ठिठुर गए हैं। अंबिकापुर में 48 घण्टे के भीतर 4 डिग्री पारा गिर गया। ठंड से बचने लोग अलाव व मोटे गर्म कपड़ों का सहारा ले रहे हैं। छत्तीसगढ़ का शिमला मैनपाट (Chhattisgarh Shimla) एवं बलरामपुर जिला के सामरी पाट में ठंड का सबसे ज्यादा प्रकोप है। यहां पारा 3 डिग्री पर पहुंच गया है। जमाव बिंदु पर पारा पहुंचने के कारण मंगलवार सुबह वनस्पति, पेड़-पौधे के पत्तियों में ओस की बंूदें जम गईं। मैदानी घास व पुआलों की ढेर में पाले की सफेद चादर बिछ गई।
सरगुजा संभाग मुख्यालय अम्बिकापुर में भी पारा गिर गया है, पिछले 48 घंटे में जहां पारा पहले 10.5 डिग्री था पर मंगलवार की सुबह 4 डिग्री की गिरावट के साथ अंबिकापुर में तापमान 6.6 डिग्री पर पहुंच गया है। अंबिकापुर शहर से लगे अजिरमा कृषि अनुसंधान विश्वविद्यालय में 4 डिग्री पारा दर्ज किया गया।
इसके अलावा सरगुजा संभाग के बलरामपुर-रामानुजगंज जिला में पारा 4 डिग्री व सामरी पाट में लगभग 3 डिग्री दर्ज किया गया। यहां भी जमकर पाला पड़ रहा है। पठारी क्षेत्रों में पाला पडऩे से लोग ठिठुरते नजर आए। शीतलहर (Cold wave) का असर लोगों के जनजीवन पर भी पड़ रहा है।
पाला पडऩे से और बढ़ी ठंड
शहर व पहाड़ी क्षेत्र मैनपाट एवं सामरी पाट में पाला पडऩे से ठंड और बढ़ गई है। लोग ठंड से बचने गर्म कपड़े व अलाव का सहारा ले रहे हैं। उत्तर-पश्चिम दिशा से चल रही ठंडी हवाओं (Icy wind) के कारण आगामी 20 जनवरी तक सरगुजा संभाग में तापमान में और गिरावट की संभावना है। मौसम वैज्ञानिक एएम भट्ट ने बताया कि 21 जनवरी से एक पश्चिमी विक्षोभ (Western disturbance) के सक्रिय होने की संभावना है, इसके बाद ठंड से लोगों को कुछ राहत मिल सकती है।
तापमान में तगड़ी गिरावट से पूरा संभाग शीतलहर की चपेट में आ गया है। स्थिति यह रही कि धूप निकलने के बाद भी लोगों को राहत नहीं मिली। मौसम पूरी तरह साफ होने से ठंड अब अपने पूरे शबाब पर है। शाम ढलते ही सड़कों पर चहल-पहल कम हो गई है। ठंड का असर संभाग के पहाड़ी व मैदानी क्षेत्रों में सबसे ज्यादा है।
पाला गिरने से और बढ़ेगी ठंड
मंगलवार की सुबह शहर से लगे खैरबार, सांड़बार, शंकरघाट, मैनपाट, सामरी पाट, बलरामपुर इलाके में जमकर पाला गिरा। पाला गिरने के बाद हवा की ठंडक (Cold) और बढ़ गई है। न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे चले जाने और हवा स्थिर होने से पाला गिरा। शीत लहर (Cold wave) की स्थिति अब भी बनी हुई है, इससे आने वाले दिनों में सरगुजा संभाग के तापमान के और गिरने की संभावना है।
पर्यटकों को लुभा रहा मैनपाट
छत्तीसगढ़ का शिमला मैनपाट में इन दिनों मौसम बेहद खूबसूरत है। कड़कड़ाती ठंड व वनस्पतियों पर बर्फ की जमावट यहां के पर्यटकों को काफी लुभा रही है। यहां पहुंचे पर्यटक जब सुबह घर के सामने निकले तो लोगों को पाला जमने के कारण बर्फ की चादर जैसी जमीन पर काफी सुखद अनुभूति उन्हें दिला रहा था, लोगों को यह नजारा बेहद पसंद आया। यहां के मौसम को देखते हुए बड़ी संख्या में सैलानी यहां घूमने पहुंच रहे हैं।
Published on:
19 Jan 2022 01:04 pm
बड़ी खबरें
View Allअंबिकापुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
