
एप्पल ने चिट्ठी लिख आयात शुल्क पर जताई चिंता, ट्रंप ने ट्वीट कर बताया समाधान
वाशिंगटन। अमरीका ने चीन पर आयात शुल्क बढ़ाने के बाद एक और बड़ा ऐलान किया है। दरअसल राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दिग्गज प्रौद्योगिकी कंपनी एप्पल के उत्पादों की विनिर्माण इकाई बीजिंग से वाशिंगटन स्थानांतरित करने के लिए कहा है। उनका ये बयान इस कंपनी के उत्पादों की कीमत बढ़ाने के संकेत देने के बाद आया है।
एप्पल ने ट्रंप प्रशासन को पत्र लिख जताई चिंता
मीडिया रिपोर्ट में कहा जा रहा है कि अमरीका के आईफोन निर्माता एप्पल ने ट्रंप प्रशासन को एक पत्र लिख कर कहा है कि चीन में विनिर्मित उत्पादों पर 200 अरब डॉलर के प्रस्तावित आयात शुल्क से एप्पल घड़ी, एयरपॉड, हेडफोन, होमपॉड स्मार्ट स्पीकर, मैक और प्रमुख कंप्यूटर के पुर्जे महंगे हो गए हैं।
ट्रंप ने ट्वीट में बताया समाधान
जिसके बाद ट्रंप ने शनिवार को ट्वीट किया, 'चीन पर भारी आयात शुल्क लगाने के बाद शायद एप्पल की कीमत बढ़ जाए, लेकिन इसका एक आसान समाधान है, जिससे उन पर शून्य कर लगेगा और कर प्रोत्साहन भी होगा।' उन्होंने इस सुझाव के बारे में बताते हुए कहा, 'अपने उत्पाद चीन की अपेक्षा अमरीका में बनाएं। नई योजनाएं बनाना अभी से शुरू कर दें। मजा आएगा।'
जनवरी 2017 में ट्रंप ने किया था ये दावा
इससे पहले जनवरी 2017 में ट्रंप ने कहा था कि उन्होंने एप्पल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) टिम कुक से फोन पर बात की थी और उन्होंने अमरीका में तीन बड़ी परियोजनाएं शुरू करने का वादा किया था। हालांकि कुक ने उन दावों पर कभी खुल कर नहीं कुछ नहीं कहा।
25 फीसदी से ज्यादा लग सकता था आयात शुल्क
एप्पल ने वास्तव में जनवरी में अमरीकी अर्थव्यवस्था में अगले पांच वर्षो में 350 अरब डॉलर का योगदान करने की घोषणा की थी, जिसमें 2018 में लगभग 55 अरब डॉलर का निवेश भी शामिल था। कंपनी ने शुक्रवार को अमरीकी व्यापार प्रतिनिधि को लिखे पत्र में कहा कि ट्रंप द्वारा चीनी उत्पादों पर प्रस्तावित आयात शुल्क लगाने से उसके कुछ उत्पादों पर 25 फीसदी से ज्यादा आयात शुल्क लगेगा।
Published on:
9 Sep 2018, 7:08 PM IST
बड़ी खबरें
View Allअमरीका
विदेश
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.