अगार मालवा

आगर मालवा में गेहूं की बोरियों के बीच मिली सड़ी-गली लाश, एक साल से बंद पड़ा था वेयरहाउस

Decompose Body Found : वेयरहाउस में गेहूं की बोरियों के बीच शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। दुर्गंध से घबराए हम्मालों ने गोदाम मालिक को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस को जानकारी दी गई। करीब एक साल से गोदाम बंद था तो मृतक अंदर पहुंचा कैसे?

3 min read
Decompose Body Found
Decompose Body Found (गेहूं की बोरियों के बीच मिली सड़ी-गली लाश Photo Source- Input)

Agar Malwa News :मध्य प्रदेश के आगर-मालवा जिले के बड़ौद रोड़ पर लाल कोठी के सामने स्थित एक वेयरहाउस में शुक्रवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब यहां रखी गेहूं की बोरियों के बीच एक शव फंसा हुआ मिला। घटना सामने आने के बाद इलाके में लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। मृतक की पहचान अर्जुन नगर कालोनी से गुमशुदा हुए अजय उर्फ बाबू के रूप में हुई हैं।

जानकारी के अनुसार, बड़ौद रोड पर स्थित एक वेयरहाउस में गत् वर्ष समर्थन मूल्य के तहत् खरीदे गए गेहूं का भंडारण किया हुआ है। पिछली 20 मई को स्प्रे करने के उपरांत वेयरहाउस बंद कर दिया गया था उसके बाद शुक्रवार को वापस स्प्रे करने के लिए कर्मचारी और हम्माल पहुंचे तो वहां तेज दुर्गंध आ रही थी। शुरुआत में उन्हें किसी जानवर के मृत होने की आशंका हुई, लेकिन जब बोरियों को हटाकर देखा गया तो सभी के होश उड़ गए।

पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

Decompose Body Found (गेहूं की बोरियों के बीच मिली सड़ी-गली लाश Photo Source- Input)

गेहूं की बोरियों के बीच एक व्यक्ति का शव फंसा हुआ दिखाई दिया। शव की स्थिति देखकर अंदेशा लगाया जा रहा है कि, वो कुछ दिनों पुराना हो सकता है। मामले की गंभीरता को देखते हुए हम्मालों ने तत्काल इसकी सूचना गोदाम मालिक को दी। गोदाम संचालक ने बिना देर किए इस संबंध में पुलिस को अवगत कराया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक जांच शुरु की। पुलिस ने मौके से शव बरामद कर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।

14 साल के बालक के रूप में हुई पहचान

पुलिस की प्रारंभिक जांच में मृतक की पहचान अजय उर्फ बाबू पिता अशोक दर्जी 14 साल निवासी अर्जुन नगर कालोनी आगर के रूप में हुई है। शिनाख्त मृतक की माता एवं बुआ द्वारा की गई है।

परिजन ने दर्ज कराई थी गुमशुदगी

Decompose Body Found (गेहूं की बोरियों के बीच मिली सड़ी-गली लाश Photo Source- Input)

जानकारी के अनुसार, 11 मई शाम करीब 6 बजे अजय उर्फ बाबू पिता अशोक दर्जी अचानक लापता हो गया था। तलाश करने पर जब परिजन को सफलता नहीं मिली थी तो उन्होंने कोतवाली थाने में गुमशुदगी दर्ज करवाई गई थी। पुलिस प्रारंभिक स्तर पर आसपास के क्षेत्र, वेयरहाउस परिसर और उपलब्ध परिस्थितियों के आधार पर ये पता लगाने का प्रयास कर रही है कि, मृतक वेयरहाउस के भीतर कैसे पहुंचा?

जांच में जुटी पुलिस

वहीं, दूसरी तरफ मामले की जांच में जुटे आगर कोतवाली थाना प्रभारी शशि उपाध्याय का कहना है कि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों और घटना की वास्तविक परिस्थितियों का खुलासा हो सकेगा। घटना के बाद क्षेत्र में तरह - तरह की चर्चाएं बनी हुई हैं। वेयरहाउस से मिले शव की शिनाख्त हो गई। सभी परिस्थितियों पर पुलिस की जांच जारी है। एफएसएल दल को सूचित किया गया है। पीएम रिपोर्ट आने के उपरांत ही कुछ कहा जा सकेगा।

Published on:
20 Jun 2026 09:11 am