आगरा

आगरा में कोरोना जैसे लक्षणों वाली 77 वर्षीय महिला SN मेडिकल कॉलेज में भर्ती, RT-PCR रिपोर्ट का इंतजार

Agra Corona News: आगरा के SN मेडिकल कॉलेज में 77 वर्षीय महिला कोरोना जैसे लक्षणों के साथ भर्ती हैं। निजी लैब में रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी, अब RT-PCR जांच से होगी आधिकारिक पुष्टि।
less than 1 minute read
Jul 19, 2026
Agra Corona News SN Medical College Agra COVID-19 Update
एसएन मेडिकल कॉलेज

Agra News: आगरा में एक बार फिर कोरोना को लेकर सतर्कता बढ़ गई है। शहर की 77 वर्षीय बुजुर्ग महिला को बुखार और सांस लेने में तकलीफ की शिकायत के बाद एसएन मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SNMC) में भर्ती कराया गया है। फिलहाल उन्हें इमरजेंसी के आइसोलेशन वार्ड में ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया है और डॉक्टरों की निगरानी में इलाज चल रहा है।

निजी लैब की रिपोर्ट में मिली कोरोना पॉजिटिव

जानकारी के मुताबिक, छीपीटोला निवासी बुजुर्ग महिला पिछले कुछ दिनों से तेज बुखार और सांस लेने में दिक्कत महसूस कर रही थीं। परिजन पहले उन्हें हरीपर्वत क्षेत्र के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां एक निजी लैब में कराई गई जांच में उनकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव बताई गई। रिपोर्ट आने के बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें एसएन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। रविवार देर रात तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर उन्हें एसएन की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया।

RT-PCR जांच से होगी अंतिम पुष्टि

अस्पताल प्रशासन का कहना है कि किसी भी मरीज में कोरोना संक्रमण की आधिकारिक पुष्टि RT-PCR जांच से ही की जाती है। इसलिए महिला का सैंपल एसएन मेडिकल कॉलेज के माइक्रोबायोलॉजी विभाग में भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ होगा कि उन्हें वास्तव में कोविड-19 संक्रमण है या नहीं।

प्राचार्य ने क्या कहा?

एसएन मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता ने बताया कि महिला को एहतियात के तौर पर आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है और ऑक्सीजन सपोर्ट के साथ इलाज दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बुखार, खांसी और सांस लेने में तकलीफ जैसे लक्षण केवल कोरोना में ही नहीं, बल्कि कई सामान्य वायरल संक्रमणों में भी देखने को मिल सकते हैं। इसलिए घबराने की जरूरत नहीं है। RT-PCR रिपोर्ट आने के बाद ही संक्रमण की पुष्टि की जाएगी।

Updated on:
19 Jul 2026 09:07 am
Published on:
19 Jul 2026 09:07 am