
Agra Murder Case Update: आगराके चर्चित हत्या कांड में अब मृतक सुरेंद्र कुमार शर्मा की बेटी ने भावुक खुलासे किए हैं। उसने बताया कि जिस दिन घटना हुई, उस दिन उसके पिता सामान्य और खुश नजर आ रहे थे। परिवार के साथ भजन गाए, दादी से बातचीत की और किसी को भी अंदाजा नहीं था कि कुछ ही घंटों बाद इतनी बड़ी घटना हो जाएगी। मृतक की बेटी ने कहा कि उसने कभी कल्पना भी नहीं की थी कि उसकी मां ऐसा कदम उठा सकती हैं।
एक निजी चैनल से बातचीत के दौरान मृतक की बेटी ने कहा कि उसके पिता सुरेंद्र कुमार को शराब पीने की आदत थी। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। बेटी ने भी बताया कि घर में आए दिन झगड़े होते थे। उसके मुताबिक, पिता कई बार गुस्से में कहते थे कि वह परिवार को छोड़कर चले जाएंगे और फिर सबको उनकी कीमत समझ आएगी।
पुलिस जांच के अनुसार, सुरेंद्र के लापता होने की कहानी करीब 45 दिनों तक घर और रिश्तेदारों के बीच दोहराई जाती रही। गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस लगातार उनकी तलाश करती रही, जबकि आरोपी पत्नी कथित तौर पर जांच को दूसरी दिशा में मोड़ने की कोशिश करती रही।
मामले की जांच के सिलसिले में पुलिस एक बार सुरेंद्र के घर पहुंची थी, लेकिन उस समय कोई ठोस सुराग नहीं मिला। बाद में परिवार के भीतर हुई बातचीत के बाद घटना का सच सामने आया। सूचना मिलने पर पुलिस दोबारा घर पहुंची और महिला से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान उसने कथित तौर पर पति की हत्या कर शव को घर के बाथरूम में दफनाने की बात स्वीकार कर ली।
महिला की निशानदेही पर पुलिस ने बाथरूम का फर्श खुदवाया। खुदाई के दौरान वहां से सुरेंद्र कुमार शर्मा का कंकाल बरामद हुआ। पुलिस ने अवशेषों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम और फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है, ताकि मौत के कारण और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए जा सकें।
मृतक के भाई अनिल शर्मा ने बताया कि शुरुआत में आरोपी महिला ने दावा किया था कि सुरेंद्र ने आत्महत्या कर ली थी और घबराहट में उसने शव को दफना दिया। बाद में वह अलग-अलग तरह की बातें करती रही। उनका कहना है कि महिला लगातार अपना बयान बदल रही थी, जिससे पूरे मामले पर कई नए सवाल खड़े हो गए हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि हत्या और शव को ठिकाने लगाने में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका थी या नहीं। फोरेंसिक रिपोर्ट और पूछताछ के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल आरोपी महिला पुलिस हिरासत में है और उससे लगातार पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसियां हत्या के पीछे की वास्तविक वजह, घटना के समय की परिस्थितियों और संभावित सहयोगियों की भूमिका को लेकर साक्ष्य जुटा रही हैं। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।