
पति को मारकर बाथरूम में दफन करने के मामले में नया अपडेट। फोटो सोर्स- वीडियो ग्रैब
Wife Kills Husband And Buries Him In Bathroom: उत्तर प्रदेशके आगराजिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने कथित तौर पर अपने पति की हत्या कर दी और शव को घर के बाथरूम में दफना दिया। इतना ही नहीं, किसी को शक ना हो इसके लिए उसने शव के ऊपर मिट्टी डालकर प्लास्टर कराया और फिर बाथरूम में नई टाइल्स लगवा दीं। करीब 45 दिनों तक वह पति के लापता होने की कहानी सुनाती रही, लेकिन पुलिस की पूछताछ के दौरान उसका झूठ ज्यादा देर तक नहीं टिक सका।
शुक्रवार को पुलिस एक पुराने मामले में सत्यापन और पूछताछ के लिए महिला के घर पहुंची। बातचीत के दौरान उसका व्यवहार संदिग्ध लगा। जब पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो आरोपी महिला रूबी ने हत्या की बात स्वीकार कर ली। उसने बताया कि पति की हत्या के बाद शव को बाथरूम में दफनाया, उस पर मिट्टी डालकर प्लास्टर कराया और बाद में मजदूर बुलाकर टाइल्स भी लगवा दीं, ताकि किसी को भनक तक न लगे।
महिला के बयान के बाद पुलिस ने बाथरूम का फर्श तुड़वाया। खुदाई के दौरान वहां से मृतक सुरेंद्र कुमार शर्मा का कंकाल बरामद हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए। पुलिस ने कंकाल को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम और फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, राजस्थान के भरतपुर निवासी 44 वर्षीय सुरेंद्र कुमार शर्मा आगरा के सिकंदरा थाना क्षेत्र स्थित दहतोरा की रेणुका धाम कॉलोनी में परिवार के साथ रहते थे। वर्ष 2010 में उनकी शादी इटावा निवासी रूबी से हुई थी। दोनों की दो बेटियां रिद्धी और सिद्धी हैं। परिवार में सुरेंद्र की मां कमला भी रहती थीं।
सुरेंद्र 18 मई से लापता बताए जा रहे थे। 26 मई को रूबी ने स्वयं थाने पहुंचकर पति की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। इसके बाद वह लगातार रिश्तेदारों और पड़ोसियों को यही बताती रही कि सुरेंद्र कहीं चले गए हैं और जल्द लौट आएंगे।
मृतक के भाई अनिल शर्मा लगातार अपने भाई की तलाश में जुटे थे। पुलिस ने गुमशुदगी के बाद कई CCTV फुटेज भी खंगाले, लेकिन सुरेंद्र का कोई सुराग नहीं मिला। इसी बीच शुक्रवार को पुलिस दोबारा घर पहुंची तो रूबी के व्यवहार ने अधिकारियों का शक और गहरा कर दिया। घर की जांच के दौरान पुलिस की नजर बाथरूम के फर्श पर गई, जिसके बाद खुदाई कराई गई और पूरा मामला सामने आ गया।
अनिल शर्मा के मुताबिक, सुरेंद्र शराब पीने के आदी थे और इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। 18 मई को रूबी ने फोन कर कहा था कि पुलिस घर पर आई है, इसलिए मां और बच्चों को अपने साथ ले जाएं। अगले दिन वह खुद भी उनके घर पहुंची और बताया कि सुरेंद्र कुछ दिनों के लिए कहीं चले गए हैं।
जब कई दिनों तक सुरेंद्र नहीं लौटे तो 26 मई को गुमशुदगी दर्ज कराई गई। इसके बाद भी रूबी लगातार यही दावा करती रही कि उसे पति के बारे में कोई जानकारी नहीं है। लेकिन शुक्रवार सुबह जब अनिल उसके घर पहुंचे और दोबारा सुरेंद्र के बारे में पूछा, तो रूबी ने कथित तौर पर कहा कि उसने सुरेंद्र की हत्या कर शव को बाथरूम में दफना दिया है। एक निजी चैनल से बातचीत में सुरेंद्र ने कहा, ''मैंने कई बार सुरेंद्र के बारे में पूछा, लेकिन रूबी ने कुछ नहीं बताया।''
पुलिस का मानना है कि इतनी बड़ी वारदात को अकेले अंजाम देना आसान नहीं था। इसलिए जांच इस पहलू पर भी की जा रही है कि क्या हत्या और शव को ठिकाने लगाने में किसी अन्य व्यक्ति ने भी आरोपी महिला की मदद की थी। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है और फोरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
पुलिस ने आरोपी महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में घरेलू विवाद और पति की शराब की लत को विवाद का कारण माना जा रहा है, लेकिन हत्या की असली वजह और पूरी साजिश का खुलासा विस्तृत जांच और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर ही होगा। मामले में अन्य लोगों की भूमिका सामने आने पर आगे की कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
संबंधित विषय:
Published on:
04 Jul 2026 09:46 am
बड़ी खबरें
View Allआगरा
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
