आगरा

Agra News: ‘अब सिर्फ दीप्ति नहीं, पूरी टीम मेरी बेटियां है’, लॉर्ड्स में ऐतिहासिक जीत के बाद भावुक हुईं दीप्ति शर्मा की मां

Agra Deepti Sharma: आगरा की बेटी दीप्ति शर्मा की टीम ने लॉर्ड्स में इंग्लैंड को 270 रन से हराकर इतिहास रच दिया। जीत के बाद मां और पिता का भावुक बयान चर्चा में है। पढ़ें पूरी कहानी।
2 min read
Jul 14, 2026
Deepti Sharma Agra Deepti Sharma Indian Women's Cricket Team
भावुक हुईं दीप्ति शर्मा की मां (photo- x @ani)

Agra Deepti Sharma Lord's Victory: आगरा की बेटी और भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने एक बार फिर पूरे देश का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया। लंदन के ऐतिहासिक लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर भारतीय महिला टीम ने इंग्लैंड को 270 रन से हराकर इतिहास रच दिया। इस शानदार जीत के बाद आगरा में खुशी का माहौल है। वहीं दीप्ति शर्मा के माता-पिता की भावुक बातें लोगों का दिल जीत रही हैं।

लॉर्ड्स में भारत की बेटियों ने लिख दिया नया इतिहास

क्रिकेट की दुनिया में लॉर्ड्स को सबसे प्रतिष्ठित मैदानों में गिना जाता है। ऐसे मैदान पर भारतीय महिला टीम की यह जीत सिर्फ एक मैच जीतने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह भारतीय महिला क्रिकेट के लगातार बढ़ते आत्मविश्वास और मजबूत प्रदर्शन की कहानी भी बयां करती है। टीम इंडिया ने इंग्लैंड को 270 रन के बड़े अंतर से हराकर यह साबित कर दिया कि अब भारतीय महिला क्रिकेट दुनिया की मजबूत टीमों में शामिल है।

मां बोलीं- अब सिर्फ दीप्ति नहीं, पूरी टीम मेरी बेटियां है

इस ऐतिहासिक जीत के बाद दीप्ति शर्मा की मां सुशीला शर्मा भावुक हो गईं। उन्होंने कहा कि पहले उनका ध्यान सिर्फ अपनी बेटी पर रहता था, लेकिन अब भारतीय महिला टीम की हर खिलाड़ी उन्हें अपनी बेटी जैसी लगती है। उन्होंने कहा, "पहले मैं सिर्फ दीप्ति के प्रदर्शन को लेकर चिंतित रहती थी, लेकिन अब पूरी टीम मेरी बेटियां हैं। जब ये सभी अच्छा खेलती हैं तो मुझे उतनी ही खुशी होती है जितनी दीप्ति के अच्छा खेलने पर होती है। ये भारत की बहादुर बेटियां हैं और हर मां को इन पर गर्व होना चाहिए। जब ये विदेश में तिरंगा लहराती हैं तो दिल खुशी से भर जाता है।"

पिता बोले- देश के लिए खेल रही है बेटी

दीप्ति शर्मा के पिता भगवान शर्मा ने भी पूरी टीम के प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि दीप्ति ने शानदार खेल दिखाया और बाकी खिलाड़ियों ने भी जीत में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने कहा, "टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। मैच देखने पहुंचे कई बड़े लोगों ने खिलाड़ियों को बधाई दी, जिसे देखकर बहुत अच्छा लगा। दीप्ति लगातार देश के लिए खेल रही है। उसका कार्यक्रम इतना व्यस्त रहता है कि उसे घर आने का समय भी बहुत कम मिल पाता है।"

142 साल के इतिहास में दर्ज हुई भारत की जीत

यह जीत इसलिए भी बेहद खास है क्योंकि लॉर्ड्स में पहला पुरुष टेस्ट 142 साल पहले खेला गया था और अब तक यहां 150 टेस्ट मैच हो चुके हैं। वहीं महिलाओं का पहला अंतरराष्ट्रीय मुकाबला यहां 1976 में इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेला गया था। इतने लंबे क्रिकेट इतिहास के बाद भारतीय महिला टीम ने पहली बार लॉर्ड्स में टेस्ट जीतकर नया इतिहास रच दिया। यह उपलब्धि भारतीय महिला क्रिकेट के लिए मील का पत्थर मानी जा रही है।

आगरा के लिए गर्व का पल

दीप्ति शर्मा आज सिर्फ भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार खिलाड़ी नहीं हैं, बल्कि आगरा की हजारों बेटियों के लिए प्रेरणा भी बन चुकी हैं। शहर के खेल प्रेमियों का कहना है कि दीप्ति की सफलता यह दिखाती है कि मेहनत और लगन के दम पर छोटे शहरों से निकलकर भी दुनिया के सबसे बड़े मंच पर पहचान बनाई जा सकती है।

Updated on:
14 Jul 2026 10:56 am
Published on:
14 Jul 2026 10:50 am