
आगरा। उमस भरी गर्मी ने जीना बेहाल कर रखा है। भीषण गर्मी से इंसान ही नहीं पशु पक्षी भी बेहाल हैं। दिन में तेज धूप ने लोगों का जीना मुहाल कर रखा है तो रात में भीषण उमस सोने नहीं दे रही है। एसी और कूलर गर्मी से निजात देने में नाकाफी साबित हो रहे हैं। रात की उमस से लोगों की नींद उड़ रही है। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि अभी दो दिन तक मौसम से राहत नहीं मिलने वाली है। सात जून के बाद गरज चमक के साथ छींटें पड़ सकती हैं।
तेज धूप ने बढ़ा दी बेचैनी
सुबह से ही तेज धूप लोगों को परेशान कर रही है। दिन चढ़ने के साथ साथ तापमान बढ़ने से बच्चे, बुर्जुग बेहाल हो रहे हैं। धूप से आंखों में जलन हो रही है। हीट स्ट्रोक से लोग डॉक्टरों के चक्कर काट रहे हैं। दोपहर में शहर की सड़कें सूनसान होने लगी है। वहीं ऐतिहासिक स्मारकों में भी पर्यटकों की संख्या में दोपहर के समय कमी आ रही है। चिकित्सकों का कहना है कि दोपहर में घर से निकलते समय भरपूर पानी पीकर निकलें। तेज धूप में छाता का प्रयोग करें। बच्चों का ख्याल रखने की जरूरत है। बच्चों को पेय पदार्थ पिलाएं। इस मौसम में कोल्ड इंजरी हो सकती है। इसलिए अधिक ठंडा पीने से बचें।
मौसम में अभी नहीं मिलेगी राहत
आगरा में तापमान 46 डिग्री के पार पहुंच चुका है। जो सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक रहा है। वहीं रात का तापमान 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा था। जो पांच डिग्री अधिक रहा था। राजस्थान से आने वाली हवाएं उमस बढ़ा रही हैं। मौसम विशेषज्ञ डॉ.सतेन्द्र सिंह राघव का कहना है कि सात जून तक तापमान ऐसा ही रहेगा। सात जून को गरज चमक के साथ छींटे पड़ सकते हैं। अनुमान व्यक्त किया जा रहा है कि आने वाले दिनों में धूलभरी आंधी भी आ सकती है।