भाजपा की बाह विधायक पर कसा तंज, बोले विधायक मंत्री भी नहीं बन पाए, तीसरा उपमुख्यमंत्री बाह से होना चाहिए
आगरा।अखिलेश यादव इस लोकसभा चुनाव को पूरी दम खम से लड़ने की तैयारी कर रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी के गढ़ में मंगलवार को जब अखिलेश यादव पहुंचे तो पहले उन्होंने यहां भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला, वहीं दूसरी ओर वे समाजवादी पार्टी में दर्जा प्राप्त मंत्री रहीं वर्तमान विधायक पर तंज कसने से भी नहीं चूके। लोकसभा चुनाव में गठबंधन पर भी उन्होंने अपना रुख साफ कर दिया। वहीं भाजपा को तीसरे उपमुख्यमंत्री के तौर पर एक नाम भी सुझाया।
अखिलेश बोले उपमुख्यमंत्री हो बाह से
समाजवादी पार्टी सरकार में बाह विधानसभा क्षेत्र से अरिदमन सिंह विधायक थे। तत्कालीन सपा सरकार में उनकी पत्नी रानी पक्षालिका सिंह को अखिलेश यादव ने दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री बनाया था। लेकिन, विधानसभा चुनाव से पहले रानी पक्षालिका और राजा अरिदमन सिंह ने भाजपा का दामन थाम लिया। वर्तमान में रानी पक्षालिका सिंह बाह से विधायक हैं। पूर्व सीएम अखिलेश यादव मंगलवार को बाह बटेश्वर पहुंचे तो यहां वर्तमान विधायक पर तंज कसना नहीं चूके। पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए समाजवादी पार्टी राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश ने वर्तमान विधायक पर तंज कसते हुए कि यहां के विधायक मंत्री भी नहीं बन पाए। उनकी सरकार में कितना सम्मान था। कम से कम उन्हें उपमुख्यमंत्री तो बनना चाहिए। अखिलेश ने कहा कि वर्तमान में दो उपमुख्यमंत्री हैं तो एक और सही। बाह से बन जाए बटेश्वर से बन जाए तो इससे अच्छा क्या हो सकता है।
अखिलेश बोले भाजपा की सबसे ज्यादा हार
भारतीय जनता पार्टी ने उत्तर प्रदेश में 73 प्लस सीटें जीतने का दावा किया है। वहीं समाजवादी पार्टी राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस बार लोकसभा चुनाव पर भाजपा को आड़े हाथों लिया है। लोकसभा चुनाव में वे आश्वसत होकर बोले कि लोकसभा के चुनाव में सबसे ज्यादा हार यदि किसी की होगी तो भारतीय जनता पार्टी की होगी।
गठबंधन पर दूर किए सभी शिकवे
मायावती ने हाल ही के दिनों में कहा था कि सम्मानजनक सीटें नहीं मिलने पर वे कुछ अलग कर सकती है। लेकिन, समाजवादी पार्टी राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने स्पष्ट किया कि वे लोकसभा चुनाव 2019 में गठबंधन के साथ चुनाव मैदान में उतरेंगे। गठबंधन कर रहे हैं। पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने कहा कि हमारी कोशिश होगी कि सभी दलों को साथ लेकर चलें और गठबंधन हो, फिर आगे की लड़ाई लड़ी जाए और उन्होंने कहा कि सभी से अच्छे संबंध बनाकर चलते हैं।