देर रात गैलाना में हुई ताबड़तोड़ फायरिंग में हुई कारोबारी की मौत की गुत्थी सुलझी
आगरा। गैलाना में देर रात ताबड़तोड़ फायरिंग हुई, जिसमें एक की मौत हुई और एक व्यक्ति घायल हुआ था। दुकान बंद कर घर जा रहे पिता पुत्र पर हुई फायरिंग की घटना के बाद क्षेत्र में चौथ वसूलने को लेकर चर्चाएं हो रही थी। लेकिन, परिवारीजनों ने मामा के खिलाफ नामजद मुकदमा लिखवाया तो पूरा मामला खुलकर सामने आया। रंगदारी और रंजिश के बीच फंसे केस को पुलिस ने सुलझा दिया। पुलिस ने आरोपित कल्लू पंडित उर्फ संजीव पचौरी के खिलाफ केस दर्ज किया है।
दुकान से घर जा रहे थे तभी हुआ हमला
गौरतलब है कि मंगलवार देर रात को गैलाना में कारोबारी मनोज पाठक और उसके पिता सुरेश चंद्र पर दुकान बंद कर घर जा रहे थे। तभी बाइक सवारों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की थी। इसमें मनोज की मौत हो गई थी और सुरेश गंभीर रूप से घायल हुए थे। परिजनों ने हत्या के आरोप में सगे मामा को नामजद और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस का कहना है कि मामा के दोस्त सुरीत से मृतक मनोज के भाई का तीन दिन पहले झगड़ा हुआ था। इसका बदला लेने को मामा ने दुकान पर धावा बोलकर जीजा और भान्जे को गोली मारी थी।
व्यापारी की गोली मारकर हत्या करने के बाद हमलावर मौके से फरार किसी ने भी देखा नहीं
व्यापारी की गोली मारकर हत्या करने के बाद हमलावर मौके से फरार हो चुके थे। किसी ने भी हमलावरों को देखा नहीं था। इसके बाद दो थानों की पुलिस ने काफी पूछताछ की। पुलिस को कुछ लोगों ने बताया कि चौथ वसूली को लेकर कुछ दिन पहले यहां झगड़ा हुआ था। वहीं जब परिजनों ने रिश्तेदार को नामजद किया तो पूरा मामला सामने आ सका। पुलिस मामले में अब हत्यारों की तलाश में जुटी है। वहीं गोली लगने से सुरेश चंद्र की हालत गंभीर बनी हुई है।