कांग्रेस नेताओं ने पूरे प्रकरण से कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी को अवगत कराया है।
आगरा। शनिवार को डॉ भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय में एनएसयूआई और समाजवादी छात्र सभा के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान एनएसयूआई और एबीवीपी के छात्र गुटों में संघर्ष की स्थिति बन गई। इसे देखते हुए पुलिस ने लाठी चार्च कर दिया। लाठी चार्ज में करीब 12 छात्र घायल हुए हैं। इसके बाद कांग्रेस नेताओं में उबाल है। कांग्रेस नेताओं ने पूरे प्रकरण से कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी को अवगत कराया है।
लाठीचार्ज में एनएसयूआई के अंकुश गौतम, ललित त्यागी, गौरव शर्मा, अपूर्व शर्मा, सतीश सिकरवार, बिलाल अहमद घायल हुए हैं। समाजवादी छात्र सभा के राजन ठाकुर, रवि यादव, जयंत, लोकेश घायल हुए हैं। पूर्व प्रदेश महासचिव शब्बीर अब्बास ने मेल के जरिए पूरे घटनाक्रम से प्रियंका गांधी को अवगत कराया है। कांग्रेस नेता जल्द प्रियंका गांधी से मुलाकात भी कर सकते हैं।
उधर विश्व विद्यालय प्रशासन प्रदर्शन के नाम पर माहौल खराब करने वाले छात्रों को चिन्हित कर रहा है। सोमवार को प्रॉक्टोरियल बोर्ड की बैठक होगी, बैठक में विश्वविद्यालय का माहौल खराब करने वालों छात्रों पर कड़ी कार्रवाई का फैसला हो सकता है।