आगरा

कांग्रेस की ये यात्रा बढ़ाएगी भाजपा के लिए मुश्किलें

किसानों के हितों के लिए कांग्रेस पार्टी निकालेगी सदभावना यात्रा, फतेहपुरसीकरी से चादर पोशी से शुरुआत, बटेश्वर में घंटा चढ़ाकर समाप्त, अगस्त माह में जिला स्तरीय सदभावना यात्रा की तैयारियों में जुटी कांग्रेस
2 min read
Jul 09, 2018
congress party
कांग्रेस की ये यात्रा बढ़ाएगी भाजपा के लिए मुश्किलें

आगरा। लोकसभा चुनाव 2019 की तैयारियों में भारतीय जनता पार्टी, बसपा और सपा के जुटने के बाद कांग्रेस ने भी जमीनी स्तर से तैयारी शुरू कर दी है। किसानों के हितों को लेकर कांग्रेस पार्टी भारतीय जनता पार्टी पर हमला बोलने की तैयारी में है। किसान ऋण माफी, बिजली के बिल सहित अन्य समस्याओं को लेकर कांग्रेस जिला स्तर पर बड़ी तैयारी कर रही है। फतेहपुरसीकरी में सलीम चिश्मी की मजार से चादरपोशी के बाद अगस्त माह में सदभावना यात्रा की शुरुआत होगी। जिसका उद्देश्य सभी धर्मों को जोड़ने का है।

दो से तीन हजार लोगों की होगी भागीदारी
कांग्रेस पार्टी की सदभावना यात्रा अगस्त माह से शुरू होगी। सीकरी दरगाह पर चादर पोशी की जाएगी। इसके बाद इस यात्रा की शुरुआत हो जाएगी। जिलाध्यक्ष दुष्यंत शर्मा ने जानकारी दी कि इस यात्रा का उद्देश्य सभी धर्मों को जोड़कर चलने का है। कांग्रेस सभी धर्मों की पार्टी है। हिंदू, मुस्लिम, सिख, इसाई आपस में भाई भाई का संदेश दिया जाता है। सदभावना यात्रा इसी संदेश को लेकर शुरू होगी। चादरपोशी करने के बाद दो से तीन हजार लोगों की ये यात्रा हर ब्लॉक में जाएगी और किसानों की समस्याओं को सुनेगी। अभी इसकी तारीख तय करनी बाकी है। यात्रा अपने अंतिम पड़ाव में तीर्थों के भांजे के नाम से जाने वाले बटेश्वर तीर्थ स्थल पर समाप्त होगी। यहां मंदिर में सदभावना का घंटा चढ़ाया जाएगा।

किसान विरोधी है भाजपा
जिलाध्यक्ष दुष्यंत शर्मा ने भारतीय जनता पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि आगरा में किसानों की हालत पर कोई गौर नहीं किया जा रहा है। किसान परेशान है। फतेहपुरसीकरी क्षेत्र में पानी की समस्या विकराल होती जा रही है। किसानों को सिंचाई के लिए समय पर पानी नहीं मिलता है। कर्ज माफी महज छलावा बनकर रह गई है। किसान आज भी बैंकों में चक्कर काट रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा किसान विरोधी पार्टी है।

Published on:
09 Jul 2018 10:15 am