
आगरा। जिलाधिकारी आगरा गौरव दयाल का तबादला हो गया है। उन्हें उत्तर प्रदेश पर्यटन निगम का प्रबंध निदेशक (एमडी) बनाया गया है। रवि कुमार एनजी आगरा के नए जिलाधिकारी हैं। अभी तक वे उन्नाव के जिलाधिकारी थे। पुलिस अधीक्षक (नगर) कुंवर अनुपम सिंह का भी तबदला हुआ है। उन्हें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शाखा प्रकरण में हटाया गया है।
क्यों हुआ तबादला
गौरव दयाल के तबादले के पीछे फतेहपुर सीकरी से भारतीय जनता पार्टी के सांसद चौधरी बाबूलाल को माना जा रहा है। उन्होंने जिलाधिकारी के खिलाफ मोर्चा खोल रखा था। उन्होंने जिलाधिकारी पर खुलकर अनेक आरोप लगाए थे। कुछ समय से वे जिलाधिकारी के खिलाफ नहीं बोल रहे थे। कई विधायक और एक सांसद जिलाधिकारी के पक्ष में थे, इस कारण तबादले में विलम्ब हुआ। बाबूलाल ने उप जिलाधिकारी सदर पर भी कई आरोप लगाए थे। इसके बाद उनका तबादला कर दिया गया था, लेकिन वे फिर स आगरा आ गई थीं।
शिविर कार्यालय पहुंचे अधिकारी
जिलाधिकारी के तबादल की सूचना आते ही जिले में हलचल सी हो गई। इसका कारण यह है कि जब चौधरी बाबूलाल खुलकर विरोध कर रहे थे, तब तबादला नहीं हुआ और अचानक ही शनिवार की रात में आदेश आ गया। कई अधिकारी सीधे जिलाधिकारी शिविर कार्यालय पहुंचे। उनके चेहरे उतरे हुए थे। वे यह जताने का प्रयास कर रहे थे कि तबादले का सबसे अधिक दुख उन्हें ही है।