फतेहपुरसीकरी में लपकों का आतंक, पुलिस पर पथराव, दौड़ाए सिपाही
आगरा।योगी आदित्यनाथ जब पहलीबार आगरा आए थे, तब उन्होंने ऐतिहासिक स्मारकों से लपकों को हटाने के लिए निर्देश दिए थे। कुछ दिन तक मामला ठीक ठाक चला, लेकिन लपकों के आतंक के आगे यूपी पुलिस भी सरेंडर हो गई। फतेहपुरसीकरी में लपकों का ऐसा आतंक हैं कि पुलिस पर ही पथराव कर डाला। रविवार को लपकों द्वारा पर्यटकों से बदतमीजी की सूचना पर कार्रवाई करने गई फतेहपुरसीकरी की पुलिस को लपकों के आतंक का निशाना बनना पड़ा। हालांकि पुलिस ने आठ लपकों को पकड़कर अपनी इज्जत की किरकिरी होने से बचाई।
पर्यटकों से करते हैं बतमीजी, मारपीट
ऐतिहासिक स्मारक फतेहपुर सीकरी में लपकों का आतंक हैं। ये सभी जानते हैं। बीते महीने स्विस पर्यटकों के साथ हुई मारपीट के बाद फतेहपुरसीकरी पुलिस ने स्मारक में लपकों पर सख्ती दिखाई लेकिन, लपकों को पूरी तरह से खत्म नहीं किया जा सका। फतेहपुरसीकरी में पर्यटकों के साथ लपके रोज़ बतमीजी और मारपीट करते हैं। रविवार को पर्यटकों ने शिकायत की थी कि लपके परेशान कर रहे हैं। इसके बाद लपकों को पकड़ने पहुंची पुलिस पर लपकों ने जमकर पथराव और फायरिंग कर डाली। इस पथराव की घटना से वहां भगदड़ मच गई। पर्यटक सहम गए और जान बचाने के लिए भागने लगे। पर्यटकों में दहशत का माहौल कायम हो गया। पुलिस ने मौके से आठ लपकों को गिरफ्तार करने की कार्रवाई की है। सूत्रों ने बताया कि पुलिस ने बचाव में कई राउंड हवाई फायर किए तब जाकर स्थिति काबू में आ सकी।
पर्यटकों से करते हैं लूटपाट
फतेहपुरसीकरी में आने वाले पर्यटकों के साथ लपकों द्वारा सामान की खरीद फरोख्त में जमकर लूटपाट की जाती है। वहीं कई बार पर्यटकों द्वारा सामान नहीं खरीदने पर उनके साथ मारपीट तक कर दी जाती है। पुलिस ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। लेकिन, लपकों को मिला संरक्षण पुलिस के लिए मुश्किल भरा हो रहा है।