
आगरा। 54 देशों का हिमालय-हिन्द महासागर राष्ट्र समूह (एचएचआरएस) हर हाल में बनकर रहेगा। इसके लिए जोरदार तैयारी की गई है। राष्ट्रीय सुरक्षा जागरण मंच (फैन्स) के मुख्य संरक्षक और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य डॉ. इन्द्रेश कुमार ने रणनीति बना ली है। इसका खुलासा भी उन्होंने खुले मंच से किया। हर कोई उत्साहित है। लगातार काम करने का संकल्प लिया गया।
विश्वविद्यालयों में चेयर स्थापित कराएं
होटल ताज कन्वेंशन सेन्टर में दो दिन तक चले अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में तमाम तरह के विचार आए। विभिन्न समस्याओं पर मंथन किया गया। यह पाय गया कि 54 देशों की समस्याएं करीब-करीब एक समान है। 35 देश तो चीन से सीधे-सीधे पीड़ित हैं। समापन करते हुए डॉ. इन्द्रेश कुमार ने कहा- भारत में इस समय 836 विश्वविद्यालय हैं। अनुमान है कि 100 ऐसे हैं, जिनमें दुनियाभर के लोग पढ़ने आते हैं। अपने-अपने राज्यों में ऐसे विश्वविद्यालयों को पहचानकर हर्ष (HHRS) की इकाई खड़ी करें। विवि में संपर्क करें कि हर्ष का अध्ययन करने के लिए कोई चेयर बनाई जाए।
हर्ष के नाम पर सम्मेलन करें
उन्होंने कहा कि आने वाले चार-पांच महीनों में ऐसे विश्वविद्यालयों को एकीकृत करके कार्यक्रम करें। बुद्धिजीवी बुलाएं। कम पढ़े लिखे को नासमझ न मानें। मोहम्मद साहब, बुद्ध, ईसा कहां पढ़े थे, लेकिन दुनिया इन्हीं से चल रही है। इन पर करोड़ों पढ़े लिखे लोग पीएचडी रहे हैं। वे ज्ञानवान थे, शिक्षित नहीं थे। हर्ष के नाम पर सम्मेलन करें। दिल्ली से वक्ता मिलेंगे। सैकड़ों लोगों का विश्वास बनेगा तो करोड़ों तैयार होंगे। यात्रा आज से शुरू हो जाएगी।
सोशल मीडिया करोड़ों लोगों तक पहुंचा देगा
होगा हिमालय 10 किलोमीटर से ज्यादा ऊंचा लेकिन कदम-कदम चलेंगे तो हिमालय के माथे पर पहुंच ही जाएंगे। हमें तय करना है कि रुकना नहीं है, पीछे नहीं देखना है, चलते जाना है। शरीर, मन, बुद्धि की यात्रा अपनी आत्मा के साथ शुरू करनी है। 100 कार्यक्रम हुए। औसतन 70 संख्या भी रही तो सोशल मीडिया सात करोड़ लोगों तक पहुंचा देगा। जब दुनिया में कोई मीडिया नहीं होता था तो बापू, विवेकानंद, ईसा या बुद्ध करोड़ों में अपने आप चले गए। सत्य और मिशन की ताकत दुनिया में सबसे अधिक होती है। साल-दो साल में 10-15 विश्वविद्यालय में चेयर बन सकती है। राजनीतिज्ञ, नौकरशाह, उद्योगपति और बुद्धिजीवी की सूची बनाएं। उनसे संपर्क करें। इस विचार को साथ लेकर जाएं। राष्ट्र समूह से संबंधित साहित्य मिलेगा।
तकनीक को अपनाना होगा
बॉलीवुड कलाकार मुकेश त्यागी- ने कहा कि ये ऐसे हौसले की कहानी है जहां हिन्दुस्तान का परचम पूरे विश्व में लहराएगा। भारत का भविष्य सुनहरा है। मंजिले उनको मिलती है, जिनके सपनों मे जान होती है, पंख से कुछ नहीं होता, हौसलों से उड़ान होती है। हमें संघर्ष में जीने की आदत है। कैसी भी परिस्थिति हो, संघर्ष का जज्बा निरंतर रहता है। हम अपने केन्द्र बिन्दु से विचलित नहीं होते हैं और ऐसे संस्कार सिर्फ भारत की धरती पर मिलते हैं। जो समझते हैं कि तानाशाही देश के विकास के लिए जरूरी है तो वे कुछ समय के लिए हो सकते हैं, स्थायी रूप से नहीं। हम प्रजातांत्रिक देश हैं। हमें प्रजातांत्रिक मूल्यों पर पूरा विश्वास है। हमारी न्यायिक व्यवस्था श्रेष्ठ है। 130 करोड़ की आबादी है। प्रधानमंत्री ने तीन तलाक को हटाया है। समस्या यह है कि हम तेज गति के साथ हो रहे बदलाव के प्रति सचेत नहीं हैं। आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस के प्रभावी होने के बाद बड़ी चुनौती है। परंपरागत चीजें समाप्त होंगी। हमें तकनीक को अपनाना होगा। इसके लिए स्वयं को तैयार रखना होगा। मंच पर भाजपा बृज क्षेत्र संगठन मंत्री भवानी सिंह और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के बृज प्रांत प्रचारक डॉ. हरीश रौतेला, राष्ट्रीय जागरण मंच के राष्ट्रीय महासचिव डॉ. रजनीश त्यागी विराजमान थे।
इन्होंने संभाली व्यवस्थाएं
राष्ट्रीय सुरक्षा जागरण मंच आगरा चैप्टर के संरक्षक ब्रिगेडियर मनोज कुमार, आईपीएस हरभजन सिंह, कर्नल यूसी दुबे, आगरा चैप्टर के अध्यक्ष अध्यक्ष स्क्वाड्रन लीडर एके सिंह, उपाध्यक्ष कर्नल जीएम खान, प्रो. राजीव उपाध्याय, रवीन्द्रपाल सिंह टिम्मा, महासचिव इंजीनियर दिवाकर तिवारी, सचिव संदीप अरोरा, विवेक खंडेलवाल, कोषाध्यक्ष एडवोकेट अनिल वर्मा, ठाकुर पवन सिंह, विशाल कुलश्रेष्ठ, डॉ. पंचशील शर्मा, इंजीनियर राजीव शर्मा, अन्नू दुबे और वैभव अग्रवाल ने व्यवस्थाएं संभालीं।