आगरा

पहलीबार दिखाया व्यापारियों ने दम, छापामार कार्रवाई की धमकी देकर वसूली कर रहे अधिकारियों की लगाई पिटाई

बेलनगंज में वाणिज्यकर विभाग की टीम ने व्यापारियों को दी थी एसआईबी की रेड की धमकी

less than 1 minute read
Nov 03, 2018
sales tax raid
पहलीबार दिखाया व्यापारियों ने दम, छापामार कार्रवाई की धमकी देकर वसूली कर रहे अधिकारियों की लगाई पिटाई

आगरा। त्योहार के चलते वाणिज्य कर विभाग की टीम बाजारों में उतर आई है। बेलनगंज में कार्रवाई करने पहुंचे वाणिज्य कर विभाग के दो अधिकारियों से व्यापारियों की नोकझोंक हो गई। इसके बाद कारोबारियों ने गजब की हिम्मत दिखाई। विभागीय अधिकारियों द्वारा एसआईबी रेड की धमकी देकर वसूली करने का आरोप लगाने वाले व्यापारियों ने दोनों अधिकारियों की जमकर खबर ली। व्यापारियों ने वाणिज्य कर विभाग में भी इसकी शिकायत की है।

कई व्यापारियों को धमका रहे थे अधिकारी
त्योहार पर बेलनगंज के इलेक्ट्रानिक्स के प्रमुख मार्केट भागीरथ पैलेस में वाणिज्य कर विभाग के दो अधिकारी कई दिन से चक्कर काट रहे थे। वह व्यापारियों को धमका रहे हैं। व्यापारियों से रेड के पैसों की मांग कर रहे थे। इस बात को लेकर दुकानदारों और अधिकारियों के बीच नोकझोंक और कहासुनी हो गई। मामले के तूल पकड़ने पर व्यापारियों ने दोनों अधिकारियों से धक्का मुक्की करने के बाद उन्हें मार्केट में घेरकर पिटाई लगा दी। इसके बाद बंधक बना लिया। विरोध में मार्केट की सभी दुकानें बंद करने के बाद व्यापारी बेलनगंज चौराहे पर पहुंच गए। यहां उन्होंने जाम लगाकर हंगामा किया। पुलिस के समझाने बुझाने पर जाम खोल दिया। बाद में बंधक बनाए अधिकारियों को भी मुक्त कर दिया।

ज्ञापन देकर उठाई मांग
आगरा इलेक्ट्रिक कॉन्ट्रेक्टर्स एवं मर्चेंट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष कालीचरन गुप्ता, प्रवीन यादव, प्रदीप अग्रवाल ने वाणिज्य कर अधिकारी खंड आठ को दिए ज्ञापन में कहा है कि दो अधिकारी इलेक्ट्रानिक्स व्यापारियों का उत्पीड़न कर रहे हैं। रोजाना धमकी देते हैं। कई दफा मार्केट में आ चुके थे। इनके विरुद्ध कार्रवाई की जाए। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि व्यापारियों को फोटोग्राफी को लेकर गलतफहमी हो गई है। मार्केट में फोटो खींचने के बाद पोर्टल पर अपलोड कर रहे हैं। इसे व्यापारी रेड समझ रहे हैं।

Published on:
03 Nov 2018 10:28 am