
स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई: फिर कोल्ड स्टोरेज से 90 टिन मावा जब्त
बीकानेर. त्योहार पर मिठाई व मावे की बढ़ती मांग के साथ स्वास्थ्य विभाग ने मिलावटियों पर नकेल कसनी शुरू कर दी है। जयपुर से आई स्वास्थ्य विभाग की विजिलेंस टीम ने पुरानी गजनेर रोड स्थित प्रीति कोल्ड स्टोरेज से शुक्रवार को दूसरे दिन फफूंद लगा और सड़ांध मारता १८५० किलो मावा जब्त किया। टीम ने खराब मावे को नष्ट कराया और सैम्पल लेकर जांच के लिए भेजे। जयपुर से आई टीम के प्रभारी विनोद कुमार शर्मा ने बताया कि स्टोरेज से मावे के ९८ टिन जब्त किए गए। गुरुवार को भी खराब मावे के ९० टिन जब्त किए गए थे। इस स्टोरेज से दो दिनों में ३५५० किलो मावा जब्त किया गया। कार्रवाई के समय तमाशबीनों की भी भीड़ जमा हो गई।
खाने योग्य नहीं था
शर्मा ने बताया कि कोल्ड स्टोरेज में कई क्विंटल मावा स्टॉक में है। जिन कोल्ड स्टोरेज की शिकायत मिली है, उनकी जांच की जा रही है। प्रीति कोल्ड स्टोरेज में स्टॉक किया गया मावा काफी खराब था और खाने योग्य नहीं था।
कई दुकानदार भाग छूटे
विभाग की कार्रवाई की भनक लगते ही शहर में मावा विक्रेताओं में खलबली मच गई। कई दुकानकार दुकानें बंद कर भाग गए। टीम में शर्मा के अलावा विशाल मित्तल, भानुप्रतापसिंह और संदीप अग्रवाल शामिल थे।
छत्तरगढ़ में लिए घी के सैम्पल
छत्तरगढ़. मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय की टीम ने शुक्रवार को छत्तरगढ़ में घी व मिठाई विक्रेताओं के यहां दबिश दी। टीम की कार्रवाई की सूचना मिलने पर कई घी विक्रेता दुकानें बंद कर भाग गए। सीएमएचओ डॉ. बीएल मीणा ने बताया कि टीम वहां पहुंची तो घी व्यापारियों ने दुकानें बंद कर दी। इस दौरान गुरुसेवक घी भंडार का संचालक दुकान छोड़कर ही भाग गया। वहीं अब्बास घी स्टोर से चार सैम्पल लिए गए।
Updated on:
3 Nov 2018, 10:19 AM IST
Published on:
3 Nov 2018, 10:19 AM IST
बड़ी खबरें
View Allबीकानेर
राजस्थान न्यूज़
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.