आगरा

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अधिवेशन के लिए मैरिज होम भी फुल

पांच अक्टूबर को समाजवादी पार्टी अपना राष्ट्रीय अधिवेशन आगरा में करने जा रही है। इसके लिए प्रमुख नेताओं को जिम्मेदारियां सौंप दी गईं हैं।
2 min read
Sep 21, 2017
Feature image

आगरा। पांच अक्टूबर को समाजवादी पार्टी अपना राष्ट्रीय अधिवेशन आगरा में करने जा रही है। इसके लिए प्रमुख नेताओं को जिम्मेदारियां सौंप दी गईं हैं। पांच अक्टूबर को लाखों सपाई आगरा में पहुंचेंगे। इसके लिए होटल, गेस्ट हाउस बुक किए गए हैं। लेकिन लाखों की तादात में कार्यकर्ताओं के आने के चलते पहली बार ऐसा हुआ है कि मैरिज होम भी बुक किए गए हैं। अखिलेश यादव ने खास निर्देश दिए हैं कि कार्यकर्ताओं को कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसलिए इस बार सपाई बेहद ही चौकस नजर आ रहे हैं।

युद्धस्तर से लगे सपाई
समाजवादी पार्टी का राष्ट्रीय अधिवेशन पहले झांसी में होना था। लेकिन, राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इसका स्थान बदल दिया और इसे आगरा में होने के लिए घोषित किया। इसके बाद उन्होंने आगरा के पदाधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त की जाएं। इसके चलते सपाई सक्रिय हो गए और युद्धस्तर पर तैयारियों में जुट गए। राष्ट्रीय अधिवेशन के लिए शामिल होने के लिए आने वाले नेताओं के लिए फाइव स्टार, थ्री स्टार और बजट होटलों को बुक कराया गया है। बड़े नेताओं के लिए होटल मुगल, डबल ट्री बाई हिल्टन, होटल रेडिसन और कोर्टयार्ड मैरियट में ठहरने का इंतजाम किया गया है। अखिलेश यादव के साथ मुलायम सिंह यादव आएंगे या नहीं इसके लिए अभी पार्टी पदाधिकारियों को कोई निर्देश नहीं दिए गए हैं। होटलों के करीब 203 कमरे बुक कराए गए हैं, वहीं 21 मैरिज होम भी बुक किए गए हैं। इनमें कार्यकर्ताओं को ठहराया जाएगा। कार्यकर्ताओं के लिए फॉर्म हाउस में ठहराने की व्यवस्था भी की जा रही है।

राज्य सम्मेलन की तैयारियों में भी जुट रहे सपाई
इस बार सपाईयों को ताकत दिखाने का मौका दो बार मिल रहा है। राष्ट्रीय अधिवेशन से पहले सपाई प्रदेश सम्मेलन में अपनी ताकत दिखाएंगे। आगरा से लखनउ के लिए सैकड़ों की संख्या सपाई पहुंचेंगे। ये सम्मेलन 23 सितंबर को होना है। इसमें 15 प्रतिशत सक्रिय सदस्य प्रतिनिधि शामिल होने जा रहे हैं।

Published on:
21 Sept 2017 10:34 am