आगरा

आगरा: पुलिस चौकी में लड़कों की मौजमस्ती, दरोगा की कुर्सी पर बैठ मेज पर रखे पैर

थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार पांडेय का कहना है कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो अवधपुरी चौकी का है।

2 min read
Aug 04, 2021
agra_police_choki.jpg

आगरा. उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में एक वीडियो बड़ी तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में तीन लड़के मौजमस्ती करते दिखाई दे रहे हैं। एक वीडियो में लड़के गाना गा रहे हैं तो वहीं दूसरे वीडियो में दारोगा की कुर्सी पर बैठकर मेज पर पैर रखते एक लड़का दिखाई दे रहा है। बाताया जा रहा है कि यह वीडियो जगदीशपुरा थाने की अवधपुरी चौकी का है।

कुर्सी पर बैठ मेज पर रखा पैर

पहले वीडियो दिख रहा है कि पुलिस चौकी खाली पड़ी है और मेज पर दरोगा की कैप रखी है। एक लड़का सिंघम स्टाइल में जाता है, कुर्सी पर बैठने के बाद मेज पर पैर रख लेता है और सामने से कोई दूसरा लड़का वीडियो बना रहा है। दूसरा वीडियो में एक लड़का मेज पर खड़ा है और दो लड़के फर्श पर खड़े हैं। इनमें से एक लड़का गाना गा रहा है और चौथा लड़का सामने खड़े होकर वीडियो बना रहा है।

पुलिस पर उठे सवाल

मंगलवार को ये दोनों वीडियो बड़ी तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। कई लोगों ने इसे व्हाट्सएप के कई ग्रुपों पर शेयर किया गया। पुलिस पर लोगों ने सवाल भी उठाए और साथ ही चौकी में इस तरह से घुसकर वीडियो बनाने वालों पर कार्रवाई की भी मांग की गई।

आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार

वहीं थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार पांडेय का कहना है कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो अवधपुरी चौकी का है। जिस चौकी का यह वीडियो है वहां के प्रभारी योगेंद्र कुमार हैं। वह तीन दिन पहले मीटिग के लिए प्रयागराज गए हुए थे, उसी दौरान यह वीडियो बनाया गया है। चौकी पर निगरानी ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मी के विरुद्ध विभागीय जांच व वीडियो में दोषी आर्यन, गोलू, हर्षित व आदित्य को गिरफ्तार करते हुए, अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Published on:
04 Aug 2021 11:58 am