दरवेश सिंह के नाम एक रिकॉर्ड यह भी है कि बार काउंसिल के 24 सदस्यों में वे अकेली महिला हैं।
आगरा। उत्तर प्रदेश बार काउंसिल की अध्यक्ष निर्वाचित होने के बाद आगरा की दरवेश सिंह ने रिकॉर्ड कायम किया है। यूपी बार काउंसिल के इतिहास में वे पहली महिला अध्यक्ष बनी हैं। यूपी बार काउंसिल का चुनाव रविवार को प्रयागराज में हुआ था। दरवेश सिंह और हरिशंकर सिंह को बराबर 12-12 वोट मिले। दोनों छह-छह माह अध्यक्ष रहेंगे। दरवेश सिंह के नाम एक रिकॉर्ड यह भी है कि बार काउंसिल के 24 सदस्यों में वे अकेली महिला हैं। चुनाव मैदान में कुल 298 प्रत्याशी थे। पहले छह माह दरवेश सिंह अध्यक्ष रहेंगी। दरवेश सिंह को अध्यक्ष चुने जाने के बाद आगरा में खुशी की लहर है।
यह भी पढ़ें
कौन हैं दरवेश सिंह
दरवेश सिंह मूल रूप से एटा की रहने वाली हैं। 2016 में वे बार काउंसिल की उपाध्यक्ष और 2017 में कर्यकारी अध्यक्ष रह चुकी हैं। वे पहली बार 2012 में सदस्य पद पर विजयी हुई थीं। तभी से बार काउंसिल में सक्रिय रहीं। उन्होंने आगरा कॉलेज से विधि स्नातक की डिग्री हासिल की। डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय (आगरा विश्वविद्यालय) से एलएलएम किया। उन्होंने 2004 में वकालत शुरू की।
यह भी पढ़ें
क्या है प्राथमिकता
नवनिर्वाचित अध्यक्ष दरवेश सिंह का कहना है कि अधिवक्ताओं से चुनाव में वादे किए हैं, उन्हें पूरा कराएंगी। सरकार की ओर से तमाम योजनाएं अधिवक्ताओं के लिए चलाई जा रही हैं। उनका लाभ अधिवक्ताओं को दिलाएंगी। अधिवक्ताओं के कल्याण के लिए हर स्तर पर प्रयास करेंगी।
आज किया जाएगा स्वागत
वरिष्ठ अधिवक्ता अचल शर्मा, अमीर अहमद, मनीष सिंह, अजय चौधरी, राकेश भटनागर, सुरेन्द्र लाखन, सुरेन्द्र शर्मा, मनोज शर्मा, दीपक शर्मा, अशोक भारद्वाज आदि ने दरवेश सिंह को बधाई दी है। आगरा एडवोकेट एसोसिशएन के विनीत कुमार गोलेच्छा का कहना है कि दरवेश सिंह ने आगरा का मान बढ़ाया है। बुधवार को दीवानी परिसर में दरवेश सिंह का भव्य स्वागत किया जाएगा। डॉ. अरविन्द मिश्रा, डॉ. हरीदत्त शर्मा, मंजू द्विवेदी, संजय शर्मा कप्तान, सुनील वशिष्ठ आदि ने दरवेश सिंह को बधाई दी है।
यह भी पढ़ें