
Gujarat Drug News: गुजरात के अहमदाबाद में ड्रग्स के खिलाफ पुलिस ने एक ही दिन में तीन अलग-अलग कार्रवाई करते हुए महिला समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इन मामलों में MD ड्रग्स और गांजा बरामद किया है, जिसकी कुल कीमत करीब 4.82 लाख रुपये बताई गई है। यह कार्रवाई शहर में चलाए जा रहे ‘नो ड्रग्स इन अहमदाबाद सिटी’ अभियान के तहत की गई।
पुलिस के मुताबिक, तीनों कार्रवाई जोन-7 के सरखेज, आनंदनगर और वासणा थाना क्षेत्रों में की गईं। इस दौरान कुल 48.740 ग्राम MD ड्रग्स और 698.760 ग्राम गांजा बरामद किया गया। इसके अलावा नकदी, मोबाइल फोन, वजन करने का कांटा और अन्य सामान भी जब्त किया गया। तीनों मामलों में NDPS एक्ट के तहत केस दर्ज किए गए हैं।
सबसे बड़ी कार्रवाई सरखेज इलाके में जोन-7 लोकल क्राइम ब्रांच (LCB) और सरखेज पुलिस की संयुक्त टीम ने की। पुलिस ने 48.740 ग्राम MD ड्रग्स बरामद की, जिसकी कीमत करीब 2.94 लाख रुपये है। इस मामले में जब्त की गई कुल संपत्ति की कीमत 4.42 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने इस मामले में 26 वर्षीय साजिदशाह हबीबशाह दीवान को गिरफ्तार किया है। वह सरखेज के डीसेंट एवेन्यू का रहने वाला है और मूल रूप से पाटन जिले के वराही का निवासी है। उसका कथित साथी हितेश, जो बनासकांठा के धानेरा का रहने वाला है, फरार है। पुलिस ने आरोपी के पास से 1 लाख रुपये नकद, 48 हजार रुपये कीमत के दो मोबाइल फोन, वजन करने का कांटा और 50 खाली जिपर बैग भी बरामद किए हैं।
दूसरी कार्रवाई आनंदनगर पुलिस ने की। यहां पुलिस ने 25 वर्षीय नवघणभाई लालजीभाई वाघेला को गिरफ्तार कर 663 ग्राम गांजा बरामद किया। बरामद गांजे की कीमत करीब 33,150 रुपये है। पुलिस ने मोबाइल फोन और 601 रुपये नकद समेत कुल 37,751 रुपये की संपत्ति जब्त की है। इस मामले में जमालपुर रिवरफ्रंट के पास फूल बाजार इलाके में रहने वाला भूराभाई वाल्मीकि फरार बताया जा रहा है।
तीसरी कार्रवाई वासणा पुलिस ने की। यहां 27 वर्षीय उर्मिलाबेन परमार को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से 35.760 ग्राम गांजा, एक मोबाइल फोन और 400 रुपये नकद बरामद किए गए। जब्त सामान की कुल कीमत 2,688 रुपये बताई गई है।
इस मामले में गुलबाई टेकरा निवासी नीता भाटी की भी तलाश की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, तीनों मामलों में ड्रग्स की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आई है। पुलिस अब पूरे सप्लाई नेटवर्क की जांच कर रही है। जोन-7 के डीसीपी शिवम वर्मा ने पुलिस थानों और LCB को ड्रग्स की बिक्री और सप्लाई के खिलाफ खुफिया जानकारी जुटाने और कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद जोन-7 की दोनों डिवीजन की पुलिस टीमों ने गश्त बढ़ाई और मिली सूचना के आधार पर संयुक्त कार्रवाई की। तीनों मामले 24 नवंबर को दर्ज किए गए।