
Vibrant Gujarat Summit: गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने उद्योगों के लिए नियमों और प्रक्रियाओं को आसान बनाने पर जोर दिया है। भावनगर में शिप रीसाइक्लिंग इंडस्ट्रीज एसोसिएशन की ओर से आयोजित सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य सरकार नागरिकों और उद्योगों की सुविधा के लिए लगातार सुधार कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कारोबार को आसान बनाने के लिए कानून, नीतियां और नियम सरल होने चाहिए। गुजरात को ईज ऑफ डूइंग बिजनेस के क्षेत्र में आगे बनाए रखने के लिए सरकार लगातार नए सुधार लागू कर रही है। उन्होंने कहा कि उद्योगों से जुड़ी प्रक्रियाओं को पारदर्शी और सुविधाजनक बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
भूपेंद्र पटेल ने कहा कि सरकार उद्योगों को मिलने वाली सब्सिडी के वितरण की निगरानी व्यवस्था को मजबूत कर रही है। उनका कहना है कि जब किसी उद्योग को सरकारी सहायता की जरूरत हो, तब उसे बिना अनावश्यक देरी के सहायता मिलनी चाहिए। उन्होंने बताया कि सरकार अलग-अलग क्षेत्रों और उद्योगों की जरूरत के हिसाब से विशेष नीतियां तैयार कर रही है। इन नीतियों में प्रक्रियाओं को सरल और पारदर्शी रखने पर जोर दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से 2003 में शुरू किया गया वाइब्रेंट गुजरात समिट राज्य को वैश्विक निवेश के प्रमुख मंच के रूप में स्थापित करने में मददगार रहा है। उन्होंने कहा कि आगामी वाइब्रेंट गुजरात समिट में हिस्सा लेने वाले उद्योगों के लिए सरकार सरल और सुविधाजनक व्यवस्था उपलब्ध कराने को प्राथमिकता देगी। पटेल ने कहा कि सरकार और उद्योग जगत के संयुक्त प्रयासों से आत्मनिर्भर गुजरात और विकसित भारत के लक्ष्य को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी। उन्होंने शिप रीसाइक्लिंग इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के सहयोग के लिए आभार जताते हुए गुजरात के औद्योगिक विकास में आगे भी योगदान देने की अपील की।
कार्यक्रम में कृषि मंत्री जीतू वाघाणी, ऊर्जा एवं भावनगर जिले के प्रभारी मंत्री कौशिक वेकरिया, मेयर उषा तलरेजा, जिला पंचायत अध्यक्ष अशोक लढावा समेत कई विधायक और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम में शिप रीसाइक्लिंग इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के अध्यक्ष विष्णु कुमार गुप्ता, उपाध्यक्ष संजय मेहता और विभिन्न औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी हिस्सा लिया।