अहमदाबाद

Gujarat Murder: 2 लोगों के साथ होटल पहुंची महिला की मिली लाश, पोस्टमार्टम में खुला राज, पति पर हत्या का आरोप

Patan Hotel Murder: गुजरात के पाटण में एक होटल के कमरे से महिला का शव मिलने के मामले में हत्या की पुष्टि हुई है। पुलिस ने मृतका के पति समेत दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
2 min read
Gujarat Murder
एआई तस्वीर

पाटण। शहर में हारीज हाईवे स्थित एक होटल में एक महिला का शव बरामद हुआ। पोस्टमार्टम की प्रारंभिक रिपोर्ट में महिला की गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई। जांच में मृतका की पहचान अहमदाबाद निवासी श्रेया पटणी के रूप में हुई। पुलिस ने मृतका के पिता की शिकायत के आधार पर उसके पति संजय परमार तथा एक अन्य अज्ञात व्यक्ति सहित दो लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश तेज की है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि

जानकारी के अनुसार शहर में हारीज हाइवे पर साईबाबा तीन रास्ता के समीप स्थित होटल में एक अज्ञात महिला का शव मिला था। सूचना मिलने पर पुलिस ने प्रारंभ में आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा। पोस्टमार्टम की प्रारंभिक रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद जांच की दिशा बदल गई। पाटन ए डिवीजन के पीआई केजे भोय ने बताया कि एक महिला दो व्यक्तियों के साथ रिक्शा से होटल पहुंची थी।

होटल से निकल गए थे दोनों व्यक्ति

तीनों ने होटल में कमरा बुक कराया। कमरे में जाने के कुछ ही समय बाद एक व्यक्ति बाहर निकल गया, जबकि दूसरा लगभग दो घंटे तक कमरे में रुका रहा। बाद में वह भी बाहर आया और होटल संचालक से कहा कि मैं फोन करूंगा तब दरवाजा खोलना। इसके बाद वह वहां से चला गया। काफी देर तक फोन नहीं आने पर होटल संचालक ने स्वयं संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन मोबाइल बंद मिला। इसके बाद होटल मालिक को सूचना दी गई।

अचेत अवस्था में मिली महिला

होटल मालिक ने कमरे का दरवाजा खोलकर देखा तो महिला बिस्तर पर अचेत अवस्था में पड़ी थी। उसे जगाने का प्रयास किया गया, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर 108 एम्बुलेंस सेवा और पुलिस को सूचना दी गई। देर रात मौके पर पहुंची मेडिकल टीम ने महिला को मृत घोषित कर दिया। हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने होटल के सीसीटीवी फुटेज और बुकिंग के दौरान जमा कराए गए दस्तावेजों के आधार पर जांच शुरू की।

सीसीटीवी से खुला राज

जांच में मृतका की पहचान अहमदाबाद निवासी श्रेया पटणी के रूप में हुई। पुलिस ने उसके परिजनों को बुलाया। सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद परिजनों ने महिला के साथ दिखाई दे रहे व्यक्ति की पहचान उसके पति संजय कुमार परमार के रूप में की। इसके आधार पर पुलिस ने संजय परमार और उसके साथ आए एक अन्य अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया।

Updated on:
20 Jul 2026 04:42 pm
Published on:
20 Jul 2026 04:42 pm