अजमेर

पुष्कर सरोवर में रात 8 बजे बाद स्नान पूरी तरह वर्जित

जनहानि रोकने के लिए रहेगा कड़ा पहरा : घाटों पर नियुक्त होंगे जीवन रक्षक, पुलिसकर्मी व पालिका कर्मी
less than 1 minute read
Jul 31, 2019
After 8 o'clock in Pushkar Sarovar bath completely prohibited
पुष्कर सरोवर में रात 8 बजे बाद स्नान पूरी तरह वर्जित

पुष्कर (अजमेर).सरोवर में रात आठ बजे बाद स्नान करना पूरी तरह से बंद रहेगा। इस दौरान घाटों पर मौजूद जीवन रक्षक, पुलिसकर्मी व पालिका टीम के कर्मचारी स्नान करने वालों को रोक देंगे। सावन मास में कावडिय़ों की आवक बढऩे के दौरान गहरे पानी में डूबने की घटनाओं को रोकने के मकसद को लेकर यह कदम उठाया गया है।

तहसीलदार पंकज बडग़ूजर ने बताया कि सरोवर का वर्तमान में जलस्तर बढ़ चुका है तथा कावडिय़ों की संख्या में वृद्धि होती जा रही है। जल की गहराई से अंजान दो जनों की पिछले दिनों डूबने से मौत हो चुकी है। भविष्य में जनहानि को रोकने के मकसद से उपखंड अधिकारी देविका तोमर के आदेशानुसार पुष्कर सरोवर में रात्रि स्नान के दौरान कड़ा पहरा लगाया गया है।

आठ-आठ घंटों की तीन शिफ्ट

उपखंड स्तर पर नांद गिरदावर कैलाश जांगिड़, कड़ैल गिरदावर वासुदेव आचार्य तथा पुष्कर गिरदावर रामप्रकाश इन्दौरिया के साथ पटवारियों की टीम लगाई गई है। यह तीन टीमें आठ-आठ घंटों की तीन शिफ्टों में पुष्कर सरोवर के मुख्य भीड़ भरे गऊ घाट, वराह घाट, बद्री घाट, ब्रह्म घाट सहित अन्य घाटों पर तैनात रहेगी। इनके साथ नगर पालिका की ओर से भी 5-5 कर्मचारियों को लगाया गया है। इसी तरह से सिविल डिफेन्स के 12 जवान बुधवार से लग जाएंगे। ये टीमें सरोवर में गोता लगाकर या तैर कर रात्रि स्नान करने वालों को सहयोगपूर्वक रोकेगी। सीढिय़ों पर बैठकर बाल्टी से स्नान करने पर कोई पाबंदी नहीं होगी।

गहरे पानी के संकेतक लगवाए

नगर पालिका की ईओ रेखा जैसवानी ने सरोवर के प्रमुख घाटों पर गहरे पानी के संकेतक के रूप में जगह जगह साइन बोर्ड भी लगवा दिए हैं।

Published on:
31 Jul 2019 06:01 am