अजमेर

अजमेर: बाइक सवार के गले में उलझा चाइनीज मांझा, हटाने की कोशिश में कटा अंगूठा

Ajmer Chinese Manjha: अजमेर के सीआरपीएफ ब्रिज पर चाइनीज मांझे की वजह से एक बड़ा हादसा हो गया। बाइक से धोलाभाटा जा रहे 21 साल के नितिन भारती के गले में अचानक प्रतिबंधित चाइनीज मांझा उलझ गया। गले को कटने से बचाने और मांझे को हटाने की कोशिश में नितिन का अंगूठा कट कर अलग हो गया।
2 min read
Aug 27, 2026
ajmer chinese manjha accident
सीआरपीएफ ब्रिज पर हुए हादसे के बाद जेएलएन अस्पताल में उपचार के लिए पहुंचा युवक (पत्रिका फोटो)

Ajmer Chinese Manjha Accident: प्रतिबंधित चाइनीज मांझा सड़क पर जाते बाइक सवार युवक के लिए तलवार की धार बन गया। बुधवार को बाइक से धोलाभाटा जा रहे नितिन भारती (21) के गले में सीआरपीएफ ब्रिज से उतरते समय गुलाबबाड़ी चौकी मोड़ के पास अचानक मांझा उलझ गया। नितिन ने हाथ से मांझा हटाने की कोशिश की, लेकिन इस कोशिश में उसका अंगूठा ही कटकर अलग हो गया। राह से गुजर रहे एडवोकेट लोकेश टांक ने लहूलुहान नितिन को अपनी कार से जेएलएन अस्पताल पहुंचाया।

गले में उलझ गया था मांझा

बस स्टैंड से धोलाभाटा जा रहे नितिन के अजमेर के सीआरपीएफ ब्रिज से उतरते समय गले में अचानक मांझा आकर उलझ गया। गले पर रगड़ लगी तो नितिन ने बाइक पर ही हाथ से उसे हटाने का प्रयास किया। लेकिन मांझे की धार इतनी तेज थी कि गले पर कट लगने के साथ ही हाथ का अंगूठा कटकर अलग हो गया। हादसे में नितिन लहूलुहान हो गया। नितिन को सड़क पर लहूलुहान हालत में देखकर वहां से गुजर रहे एडवोकेट लोकेश टांक ने नितिन को कार से तत्काल जेएलएन अस्पताल पहुंचाया।

घायल को जयपुर किया रेफर

हादसे के बाद कटे हुए अंगूठे को सुरक्षित रखने के लिए चिकित्सकों ने उसे बर्फ में रखवाकर नितिन को जयपुर हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार, समय रहते सर्जरी होने पर कटे हुए अंगूठे को दोबारा जोड़ने की संभावना रहती है। नितिन के साथ हुआ हादसा चाइनीज मांझे की भयावहता की बानगी है। गले में उलझा मांझा थोड़ी देर और फंसा रहता तो गला गहराई तक कट सकता है, जो जानलेवा साबित हो सकती थी।

रक्षाबंधन पर सावधानी सबसे जरूरी

अजमेर में रक्षाबंधन पर पतंगबाजी होती है। ऐसे में जरूरी है कि पतंग उड़ाने के आनंद में सड़क पर चलने वाले लोगों, पशु-पक्षियों की सुरक्षा नजरअंदाज न हो। किसी की राखी का त्योहार किसी हादसे की वजह से अधूरा न रह जाए। इसके लिए पतंग उड़ाने वालों को सुरक्षित और वैध डोर का इस्तेमाल करना चाहिए।

पत्रिका व्यू: किसी की सांस नहीं काट दे पतंग की डोर

चाइनीज मांझे की खतरनाक धार किसी भी व्यक्ति और पशु-पक्षी के लिए जानलेवा हो सकती है। राखी पर अजमेर में पतंगबाजी का चलन होने से खासकर इन दिनों में दोपहिया वाहन चालकों के लिए पतंग का मांझा बड़ा खतरा बना रहता है। जरूरत है कि बाजार में इसकी बिक्री पर प्रभावी रोक लगाई जाए व प्रतिबंधित मांझे की बिक्री और उपयोग करने वालों पर कड़ी कार्रवाई हो। पतंग बेशक उड़ें, लेकिन उससे किसी के जीवन की डोर न कटे।

Updated on:
27 Aug 2026 01:19 pm
Published on:
27 Aug 2026 01:19 pm