
मृतका टीना और मृतक दीपक (पत्रिका फोटो)
Sikar Woman Suspicious Death: सीकर जिले में रींगस थाना इलाके के आभावास गांव में एक युवक का सिर कुचला शव मिलने से सनसनी फैल गई। मामले में युवक की हत्या की आशंका जताते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर परिजन और ग्रामीण रींगस में उप जिला अस्पताल के सामने धरने पर बैठ गए। बाद में लंबी समझाइश और विधायक सुभाष मील व पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों के न्यायोचित कार्रवाई के आश्वासन पर ग्रामीण माने, करीब छह घंटे बाद धरना उठाया। इसके बाद पोस्टमॉर्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
मामले के अनुसार, आभावास निवासी दीपक वर्मा (35) पुत्र गोपाल वर्मा का शव आभावास से खाटूश्यामजी जाने वाले मार्ग पर स्थित शराब के ठेके के पीछे मिला। घटना की सूचना मिलते ही रींगस थाना पुलिस और एफएसएल टीम डॉग स्क्वॉयड मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर रींगस उप जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। धरने के दौरान युवा नेता हरीश काजला, जनसेवक किशोर दूल्हेपुरा, आरएलपी नेता मुकेश गढ़वाल, एडवोकेट राजेंद्र बाजिया सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
धरने पर बैठे परिजनों ने बताया कि दीपक ही परिवार का एक मात्र कमाने वाला सदस्य था। उसकी मौत के बाद परिवार के सामने भरण-पोषण का संकट खड़ा हो गया है। परिजनों ने सरकार से मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाने तथा मृतक की पत्नी को नियमानुसार सरकारी नौकरी देने की मांग की।
ग्रामीणों ने आभावास में संचालित शराब के ठेके को हटाने की मांग भी प्रमुखता से रखी। परिजनों की मांगों पर उपखंड अधिकारी बृजेश कुमार और विधायक सुभाष मील की ओर से लिखित आश्वासन दिया गया। सीओ राजेश कुमार जांगिड़ ने निष्पक्ष जांच करने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
धरने की सूचना पर खंडेला विधायक सुभाष मील भी मौके पर पहुंचे और परिजनों से बातचीत कर उनकी मांगों को सुना। विधायक ने अपनी ओर से मृतक के परिजनों को 50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। पुलिस ने पांच दिन में हत्या के आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया गया।
वहीं, मुख्यमंत्री प्रतिकर स्कीम के तहत मृतक के परिजनों को पांच लाख रुपए की आर्थिक सहायता, मृतक की पत्नी को नियमानुसार सरकारी नौकरी दिलाने, शराब के ठेके को हटाने तथा परिवार की सुरक्षा के लिए उचित व्यवस्था करवाने का आश्वासन दिया गया।
सीकर में श्रीमाधोपुर इलाके के होल्याका बास निवासी 29 वर्षीय महिला की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मृतका के पीहर पक्ष ने ससुराल पक्ष पर प्रताड़ित करने, मारपीट करने और जलाकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाए। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर पीहर पक्ष सहित ग्रामीणों ने रींगस उप जिला अस्पताल में करीब छह घंटे तक धरना दिया। बाद में पुलिस और प्रशासन की समझाइश से छह घंटे बाद मामला शांत हुआ।
मृतका के छोटे भाई हेमंत देवंदा ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि उसकी बहन टीना देवी (29) पत्नी राजकुमार जाखड़ को सास-ससुर और देवर आए दिन प्रताड़ित करते थे। आरोप है कि घटना वाले दिन भी ससुराल पक्ष के लोगों ने टीना के साथ मारपीट की और उसे जला दिया गया।
घटना के बाद किसी अन्य व्यक्ति के माध्यम से परिजनों को सूचना मिली कि उसे रींगस के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
परिजन अस्पताल पहुंचे तो टीना मृत मिली। सूचना पर खाटूश्यामजी सदर थाना अधिकारी अमित कुमार नागोरा सहित पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर रींगस राजकीय उप जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। इसके बाद आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर अस्पताल में धरना शुरू कर दिया।
परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी होने तक पोस्टमॉर्टम नहीं करवाने की बात कही। मामले की सूचना पर सीओ राजेश कुमार जांगिड़ मौके पर पहुंचे और परिजनों से समझाइश की। सीओ के आश्वासन के बाद करीब छह घंटे बाद धरना समाप्त किया गया।
सीओ जांगिड़ ने बताया कि पीहर पक्ष की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच में दोषी पाए जाने वाले आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। धरना समाप्त होने के बाद पोस्टमॉर्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया।
Updated on:
27 Aug 2026 12:38 pm
Published on:
27 Aug 2026 12:28 pm
