
AI जनरेटेड तस्वीर
सीकर जिले में शादी के करीब 3 महीने बाद एक विवाहिता के ससुराल से जेवरात और नकदी लेकर लापता होने का मामला सामने आया है। महिला के पति ने थाने में शिकायत देकर पुलिस से उसकी तलाश करने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पति ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी सीकर जिले की रहने वाली एक युवती से मई 2026 में हुई थी। शादी के बाद दोनों साथ रह रहे थे। 22 अगस्त की रात परिवार के सभी लोग खाना खाने के बाद सो गए थे। रात करीब 2 बजे युवक की आंख खुली तो उसकी पत्नी उसके पास ही सो रही थी। इसके बाद वह दोबारा सो गया।
पति के अनुसार सुबह करीब 4 बजे जब उसकी आंख खुली और उसने पत्नी को देखा तो वह कमरे में नहीं थी। उसने घर में और आसपास तलाश की लेकिन पत्नी का कहीं पता नहीं चला। इसके बाद परिवार के लोगों ने भी आस-पड़ोस और रिश्तेदारों के यहां विवाहिता की तलाश की लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। कमरे की जांच करने पर पति और परिवार के लोगों को लोहे की अलमारी और पेटी खुली मिली। पति का आरोप है कि अलमारी और पेटी से लाखों रुपए के जेवरात और नकदी गायब है। इसके बाद उसने विवाहिता के मोबाइल नंबर पर कॉल किया लेकिन फोन स्विच ऑफ मिला।
पति ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि पत्नी के अचानक घर से चले जाने और घर से जेवरात व नकदी गायब होने से परिवार परेशान है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब विवाहिता की तलाश के साथ-साथ उसके मोबाइल नंबर और अन्य संभावित संपर्कों की जानकारी जुटा रही है। पुलिस महिला के परिवार और उससे जुड़े अन्य लोगों से भी पूछताछ कर सकती है। फिलहाल महिला के लापता होने और जेवरात व नकदी ले जाने के पीछे की वास्तविक वजह जांच के बाद ही सामने आएगी।
परिवार की ओर से आसपास के इलाकों और रिश्तेदारों के यहां भी तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि महिला के मिलने के बाद उसके बयान दर्ज किए जाएंगे जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Updated on:
26 Aug 2026 11:41 am
Published on:
26 Aug 2026 11:39 am
