25 अगस्त 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

ICSI CS Result 2026: सीएस फाइनल में राजस्थान की बेटी ने हासिल की पहली रैंक, प्रदेश का बढ़ाया सम्मान

सीकर की बेटी खुशी अग्रवाल ने सीएस फाइनल परीक्षा में ऑल इंडिया प्रथम स्थान हासिल कर राजस्थान का गौरव बढ़ाया है। जून 2026 में हुई परीक्षा के परिणाम मंगलवार को घोषित हुए। खुशी ने रोजाना करीब 10 घंटे पढ़ाई, ऑनलाइन क्लासेज और बेहतर टाइम मैनेजमेंट को अपनी सफलता का आधार बताया।
2 min read
Google source verification

सीकर

image

Kamal Mishra

Aug 25, 2026

CS Topper Khushi Agrawal

CS Topper Khushi Agrawal: खुशी अग्रवाल को मिठाई खिलाते परिजन। (फोटो-पत्रिका)

सीकर। भारतीय कंपनी सचिव संस्थान (ICSI) की ओर से जून 2026 में आयोजित प्रोफेशनल प्रोग्राम और एग्जीक्यूटिव प्रोग्राम की परीक्षाओं के परिणाम मंगलवार को घोषित किए गए। सीएस फाइनल परीक्षा के परिणाम में नीमकाथाना की बेटी खुशी अग्रवाल ने ऑल इंडिया प्रथम स्थान हासिल कर राजस्थान का नाम देशभर में रोशन किया है। खुशी की इस शानदार उपलब्धि के बाद परिवार सहित पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। उन्हें बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।

खुशी अग्रवाल पुत्री गोपाल अग्रवाल ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और गुरुजनों को दिया। उन्होंने बताया कि जब उन्हें ऑल इंडिया प्रथम स्थान हासिल करने की जानकारी मिली तो पहले उन्हें विश्वास ही नहीं हुआ। इसके बाद उन्होंने संस्थान की वेबसाइट पर अपना रिजल्ट देखा और प्रथम स्थान की पुष्टि होने के बाद उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा।

बेहतर प्लानिंग से पूरा किया सिलेबस

खुशी ने बताया कि सफलता हासिल करने के लिए वह प्रतिदिन करीब 10 घंटे पढ़ाई करती थीं। ऑनलाइन क्लासेज के साथ नियमित अध्ययन और बेहतर प्लानिंग को उन्होंने अपनी तैयारी का आधार बनाया। उनके सामने सबसे बड़ी चुनौती निर्धारित समय में पूरा सिलेबस कवर करना था। इसके लिए उन्होंने समय का बेहतर प्रबंधन किया और पूरी योजना के साथ पढ़ाई करते हुए परीक्षा की तैयारी की।

खुशी के मुताबिक, नियमित पढ़ाई के साथ पढ़ाई के लिए समय निर्धारित करना और उस प्लान पर लगातार अमल करना उनकी तैयारी में काफी मददगार रहा। इसी रणनीति के जरिए उन्होंने सीएस फाइनल परीक्षा में देशभर में पहला स्थान हासिल किया।

युवाओं को दिया सफलता का मंत्र

अपनी उपलब्धि के बाद खुशी ने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि जीवन में जो भी काम करें, उसे बेहतर से बेहतर करने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने मोबाइल फोन के इस्तेमाल को लेकर भी युवाओं को सलाह दी। खुशी ने कहा कि मोबाइल का उपयोग उतना ही किया जाना चाहिए, जितना पढ़ाई और जरूरी कार्यों के लिए उपयोगी हो।

खुशी ने बताया कि सीएस के क्षेत्र में आगे भी बेहतर कार्य करना उनका लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि मेहनत, अनुशासन और सही दिशा में की गई तैयारी से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।

यह वीडियो भी देखें :

परिवार की सबसे बड़ी बेटी हैं खुशी

खुशी के पिता गोपाल अग्रवाल व्यवसायी हैं, जबकि उनकी माता गृहिणी हैं। दो भाई-बहनों में खुशी सबसे बड़ी हैं। उनका छोटा भाई हैप्पी भी पढ़ाई कर रहा है। खुशी की उपलब्धि पर परिजनों, परिचितों और क्षेत्रवासियों ने खुशी जताई और उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

खुशी अग्रवाल की सफलता ने न केवल उनके परिवार बल्कि नीमकाथाना और राजस्थान का भी गौरव बढ़ाया है। उनकी मेहनत और सफलता अब क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बन गई है।

बड़ी खबरें

View All

सीकर

राजस्थान न्यूज़

ट्रेंडिंग