अजमेर

ग्राहकों को पिलाता था डोडा चूरा मिली चाय, काउंटर के पीछे छिपा रखा था 10 किलो से ज्यादा नशा; अजमेर में खुलासा

अजमेर में चाय की दुकान की आड़ में नशे का कारोबार चल रहा था। किशनगढ़-जयपुर हाईवे पर नसीराबाद पुलिया के पास पुलिस ने टी-स्टॉल पर छापा मारकर काउंटर के पीछे छिपाया गया 10.588 किलो डोडा चूरा बरामद किया। संचालक गिरफ्तार किया गया।
2 min read
• •
Updated: 19 Nov 2026, 11:11 AM IST
ajmer cafe owner served poppy husk tea
अजमेर-जयपुर नेशनल हाईवे पर नसीराबाद पुलिया के पास स्थित एक टी-स्टॉल पर पकड़ा गया आरोपी एवं बरामद अवैध डोडा चूरा (पत्रिका फोटो)

अजमेर: चाय की दुकान की आड़ में नशे का कारोबार करने का मामला सामने आया है। किशनगढ़ से जयपुर जाने वाले नेशनल हाईवे पर नसीराबाद पुलिया के पास स्थित एक टी-स्टॉल पर बुधवार को पुलिस ने दबिश देकर 10.588 किलोग्राम अवैध डोडा चूरा बरामद किया। आरोपी ने मादक पदार्थ को दुकान के काउंटर के पीछे काले कट्टे में छिपाकर रखा था। पुलिस ने मौके से टी-स्टॉल संचालक को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह डोडा चूरा की कुछ मात्रा चाय में मिलाकर ग्राहकों को पिलाता था। इस तरीके से वह ग्राहकों को आकर्षित करता और मोटा मुनाफा कमाता था। पुलिस ने मादक पदार्थ जब्त कर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।

मुखबिर की सूचना पर टी-स्टॉल पर दी दबिश

सीआई नरपताराम बाना ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि किशनगढ़-जयपुर हाईवे पर नसीराबाद पुलिया उतरने के स्थान पर स्थित एक टी-स्टॉल पर अवैध मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त की जा रही है। सूचना की पुष्टि के बाद जिला स्पेशल टीम और किशनगढ़ थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से दबिश दी।

पुलिस टीम ने मौके पर तलाशी ली तो काउंटर के पीछे काला कट्टा मिला। उसे खोलकर देखा तो उसमें भूरे रंग का मादक पदार्थ भरा हुआ था। जांच में वह डोडा चूरा निकला। तौल करने पर उसका वजन 10.588 किलोग्राम पाया गया। पुलिस ने मादक पदार्थ जब्त कर टी-स्टॉल संचालक को गिरफ्तार कर लिया।

चाय में डोडा चूरा मिलाकर ग्राहकों को पिलाता था

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह डोडा चूरा की कुछ मात्रा चाय में मिलाकर दुकान पर आने-जाने वाले ग्राहकों को पिलाता था। इस तरीके से उसे अच्छा मुनाफा होता था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी मादक पदार्थ कहां से खरीदकर लाता था और इस कारोबार में उसके साथ अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान मदनगंज थाना क्षेत्र के नया गांव निवासी किशनलाल गुर्जर (33) के रूप में हुई है। किशनगढ़ थाना पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

डीएसटी और थाना पुलिस की टीम रही शामिल

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण लालचंद कायल और किशनगढ़ शहर वृत्ताधिकारी धर्मराज के सुपरविजन में कार्रवाई की गई। जिला स्पेशल टीम प्रभारी शंकर सिंह रावत और किशनगढ़ थाना अधिकारी नरपताराम बाना के नेतृत्व में पुलिस टीम ने संयुक्त कार्रवाई को अंजाम दिया। टीम में शंकर सिंह रावत, महिपाल सिंह, राजेश बिजारणिया, रामनिवास, मुकेश टांडी, जितेंद्र, कालूराम गुर्जर, गजेंद्र मीणा, ईश्वर, गफ्फार खान, सुशील और मनीष कुमार शामिल रहे।

Updated on:
19 Nov 2026, 11:11 AM IST
Published on: