अजमेर

Ajmer: माखुपुरा की 3 बड़ी फैक्ट्रियों में आग कैसे लगी? 100 से ज्यादा जांबाजों और 12 दमकलों ने 5 घंटे बाद पाया काबू

Ajmer Factory Fire: अजमेर के माखुपुरा औद्योगिक क्षेत्र में शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग ने तीन प्लास्टिक फैक्ट्रियों को चपेट में ले लिया। 12 से अधिक दमकलों ने करीब 5 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे में करोड़ों रुपए के नुकसान का अनुमान है।

2 min read
Jun 15, 2026
Ajmer Makhupura Industrial Area Fire
Ajmer Makhupura Industrial Area Fire (Patrika Photo)

Ajmer Makhupura Industrial Area Fire: अजमेर: माखुपुरा औद्योगिक क्षेत्र में रविवार रात शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग ने तीन फैक्ट्रियों को अपनी चपेट में ले लिया। प्लास्टिक पाइप, प्लास्टिक दाना और कच्चे माल के कारण आग ने विकराल रूप ले लिया। आग बुझाने के लिए अजमेर, ब्यावर, किशनगढ़ और गेल इंडिया की 12 से ज्यादा दमकलों को करीब पांच घंटे तक लगातार मशक्कत करनी पड़ी। हादसे में करोड़ों रुपए के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, रविवार शाम को बरसात और अंधड़ के बाद माखुपुरा औद्योगिक क्षेत्र में खालसा पेट्रोल पंप के पीछे ईश्वर प्लास्टिक एंड मोल्ड वर्क्स में मौजूद श्रमिक आराम कर रहे थे। रात करीब पौने 8 बजे फैक्ट्री में अचानक आग दिखाई दी। श्रमिक तत्काल मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। उससे पहले आग की लपटें तेजी से फैक्ट्री में रखे प्लास्टिक के सामान तक फैल गई।

एक के बाद एक तीन फैक्ट्रियां आई चपेट में

प्रारंभिक आग ईश्वर प्लास्टिक एंड मोल्ड वर्क्स में लगी, जो देखते देखते पहले भूतल पर बने प्लास्टिक के दाना गोदाम तक पहुंच गई। दमकल व पुलिस प्रशासन पहुंचा तब तक आग ने पास में किशन जैथलिया की पाइप फैक्टरी व प्लास्टिक के गोदाम को भी चपेट में ले लिया। तेज हवा के कारण आग की लपटें महावीर इंडस्ट्रीज तक भी पहुंच गई। फैक्ट्री की दीवार में बडी दरार आ गई।

लगाए कई फेरे

सहायक अग्निशमन अधिकारी गौरव तंवर ने बताया कि अजमेर नगर निगम की दमकलों के अलावा ब्यावर, किशनगढ़ और गेल इंडिया की फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंच गई। नगर निगम की 12 दमकल ने 17 से ज्यादा फेरे लगाए। आदर्श नगर थाना, क्लॉक टावर व अलवर गेट थाने का पुलिस जाप्ता तैनात रहा।

बिजली बाधित होने से बढ़ी परेशानी

आगजनी के दौरान औद्योगिक क्षेत्र की बिजली बंद होने से भी राहत एवं बचाव कार्य प्रभावित हुआ। अंधेरे और धुएं के बीच फायरकर्मियों को आग पर काबू पाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।

आग की सूचना पर एडीएम अभिषेक गोयल, एसडीएम पदमा, पुलिस उप अधीक्षक (दक्षिण) मनीष बड़गूजर व तहसीलदार ओम सिंह लखावत, क्लॉक टावर थानाप्रभारी भीखाराम काला, उप निरीक्षक दिलीप सिंह मक्कड़ जाब्ते के साथ घटना स्थल पर पहुंचे।

इनका कहना है

माखुपुरा औद्योगिक क्षेत्र में तीन फैक्टरी में आग लग गई थी। इनमें प्लास्टिक दाने व पाइप बनाने का काम होता था। आग पर काबू पा लिया गया। कोई भी व्यक्ति घायल नहीं हुआ।
-अभिषेक गोयल, अतिरिक्त कलेक्टर अजमेर

आग को काबू पाने में फायर डिपार्टमेंट के साथ स्थानीय लोगों और पुलिस मित्र ने सहयोग दिया। ट्रेक्टर व टैंकर से लगातार पानी की सप्लाई कर आग को खिलाने में मदद की। रात 12 बजे तक आग पर काबू पा लिया गया।
-मनीष बडगूजर, कॉर्पोरेशन दक्षिण अजमेर

Published on:
15 Jun 2026 01:12 pm