
मैकेनिक की दुकान पर बाइक की टंकी में पेट्रोल के साथ निकला पानी (पत्रिका फोटो)
Sri Ganganagar Water in Petrol: श्रीगंगानगर: पेट्रोल में एथेनॉल मिलाने की खबरें तो अक्सर आती रहती हैं, लेकिन अब पेट्रोल में पानी मिलाकर बेचने का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। श्रीगंगानगर जिले के एल ब्लॉक क्षेत्र में मिलावटी पेट्रोल के कारण एक बाइक सवार को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
एक बाइक चालक अपनी मोटरसाइकिल से कहीं जा रहा था, लेकिन रास्ते में उसकी बाइक बार-बार बंद होने लगी। चालक को अपनी इमरजेंसी ड्यूटी पर पहुंचना था, इसलिए वह बिना वक्त गंवाए बाइक को पास के ही एक स्थानीय मैकेनिक संजीव की दुकान पर ले गया। मामला इमरजेंसी ड्यूटी का होने के कारण मिस्त्री संजीव ने भी बिना देरी किए तुरंत बाइक की जांच शुरू कर दी।
जांच करते समय मिस्त्री संजीव को बाइक के फ्यूल सिस्टम पर कुछ शक हुआ। उसने असलियत जानने के लिए बाइक की टंकी से पेट्रोल निकाला और उसे पारदर्शी प्लास्टिक की एक खाली बोतल में भर दिया। कुछ ही मिनटों में बोतल के अंदर का नजारा देखकर सब हैरान रह गए।
बोतल के भीतर साफ तौर पर दो अलग-अलग परतें बन चुकी थीं। भारी होने के कारण पानी बोतल में नीचे बैठ गया था और पेट्रोल ऊपर तैर रहा था।
मैकेनिक संजीव ने बताया कि उस तेल में लगभग 50 फीसदी पेट्रोल और 50 फीसदी पानी मिला हुआ था। इसके बाद मिस्त्री ने बाइक की टंकी को पूरी तरह साफ किया, दूषित ईंधन को बाहर निकाला और उसमें नया व साफ पेट्रोल डाला। इसके बाद बाइक बिल्कुल ठीक हो गई और सामान्य रूप से चलने लगी।
जब बाइक चालक से पूछताछ की गई, तो उसने बताया कि उसने यह पेट्रोल किसी अधिकृत पेट्रोल पंप से नहीं खरीदा था। बल्कि उसने गली-मोहल्ले में अवैध रूप से खुले में पेट्रोल बेचने वाले एक स्थानीय वेंडर से लिया था।
मिस्त्री संजीव ने चेतावनी देते हुए कहा कि चंद रुपयों के अधिक मुनाफे के चक्कर में ये अवैध विक्रेता लोगों की जान और गाड़ी दोनों से खिलवाड़ कर रहे हैं। ऐसा मिलावटी तेल डालने से गाड़ी का कीमती इंजन पूरी तरह सीज और खराब हो सकता है। इसीलिए हमेशा प्रामाणिक पेट्रोल पंप से ही ईंधन भरवाना चाहिए।
Published on:
14 Jun 2026 01:06 pm
बड़ी खबरें
View Allश्री गंगानगर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
