अजमेर

अजमेर: पीर रोड गणेश मंदिर में दिवाली पूजन के बाद हुई चोरी, 40 साल पुराना डेढ़ किलो वजनी चांदी का छत्र और चेन गायब

Ajmer Ganesh Temple Theft: अजमेर के पीर रोड स्थित गणेश मंदिर से डेढ़ किलो चांदी का छत्र और 250 ग्राम की चेन चोरी हो गई। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालकर चोरों की तलाश कर रही है।
2 min read
• •
Updated: 12 Nov 2026, 9:32 AM IST
Ajmer Ganesh Temple Theft
अजमेर, गणेश मंदिर से छत्र चोरी की वारदात के बाद जानकारी देते क्षेत्रवासी (Photo-Patrika)

अजमेर. दीपावली के त्योहार के बीच अजमेर में मंदिर में चोरी का मामला सामने आया है। पीर रोड स्थित गणेश मंदिर से चोर करीब डेढ़ किलो वजनी चांदी का छत्र और उसे बांधने वाली 250 ग्राम की चेन चोरी कर ले गए। यह छत्र करीब 40 साल पुराना था। दीपावली पर लक्ष्मी पूजन के समय तक छत्र मंदिर में लगा हुआ था, लेकिन बुधवार सुबह सफाई के दौरान वह गायब मिला। इसके बाद मंदिर से जुड़े लोगों ने आसपास तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। आखिरकार क्लॉक टावर थाना पुलिस को इसकी सूचना दी गई।

सुबह सफाई के दौरान चला चोरी का पता

क्षेत्रवासी अरविन्द धोलखेड़िया ने बताया कि पीर रोड स्थित सार्वजनिक गणेश मंदिर का निर्माण वाल्मीकि समाज की ओर से करवाया गया था। मंदिर में आनंद कुमार और राजीव देखरेख के साथ नियमित रूप से पूजा-पाठ करते हैं। बुधवार सुबह जब मंदिर में साफ-सफाई की गई तो वहां लगा चांदी का छत्र अपनी जगह पर नहीं मिला। इसके बाद मंदिर परिसर की जांच की गई तो खिड़की और कुछ टाइल्स भी टूटी हुई मिलीं। इन हालात को देखते हुए लोगों ने आशंका जताई कि चोर मंदिर में घुसकर छत्र और चेन ले गए।

40 साल पहले चढ़ाया गया था चांदी का छत्र

वार्ड 18 के अध्यक्ष आनंदकुमार व्यास ने बताया कि करीब 40 साल पहले उनके पिता ने गणेश मंदिर में डेढ़ किलो चांदी का छत्र चढ़ाया था। इसके साथ छत्र को बांधने के लिए 250 ग्राम की चांदी की चेन भी थी। इतने सालों से यह छत्र मंदिर में लगा हुआ था। दीपावली पर लक्ष्मी पूजन के दौरान भी छत्र अपनी जगह पर मौजूद था। छत्र के गायब होने की खबर से मंदिर से जुड़े लोगों और क्षेत्रवासियों में नाराजगी है।

पुलिस ने दर्ज किया चोरी का मामला

मंदिर से चोरी की सूचना मिलने पर क्लॉक टावर थाना प्रभारी भीखाराम काला पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने मंदिर परिसर और आसपास के इलाके का जायजा लिया। पुलिस ने मंदिर प्रबंधन की शिकायत पर चोरी का मामला दर्ज कर लिया है। अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि चोरी करने वाले व्यक्ति का पता लगाया जा सके। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Updated on:
12 Nov 2026, 9:32 AM IST
Published on: