अजमेर के गंज थाने में लापता युवती प्रेमी के साथ पहुंची और खुद को बालिग बताते हुए उसके संग रहने की बात कही। परिजन के साथ जाने से इनकार पर माहौल गरमा गया। थाने के बाहर माता-पिता ने पेट्रोल छिड़क आत्मदाह का प्रयास किया। पुलिस ने स्थिति संभालते हुए युवती को सुरक्षा में रवाना किया।
अजमेर: राजस्थान के अजमेर में मंगलवार को उस वक्त रूह कंपा देने वाला मंजर देखने को मिला, जब 15 दिन से लापता एक युवती गंज थाने पहुंची। लेकिन वह घर लौटने नहीं, बल्कि अपने समुदाय विशेष के प्रेमी के साथ 'लिव-इन' में रहने का एलान करने आई थी।
बता दें कि अपनी आंखों के सामने बेटी को किसी और के साथ जाते देख मां का कलेजा फट पड़ा। बिलखती मां ने पुलिस के सामने गुहार लगाई, मेरी बेटी मुझे दे दो, वरना मैं यहीं अपनी जान दे दूंगी।
पीड़ित मां ने बताया कि उनकी बेटी पिछले कुछ दिनों से काफी डरी हुई थी। उसने बताया था कि कोई अनजान युवक उसे परेशान कर रहा है। 2 फरवरी को वह घर से निकली और फिर वापस नहीं लौटी। परिजनों का आरोप है कि वे 15 दिनों से थाने के चक्कर काट रहे थे, लेकिन पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की।
जब पुलिस ने युवती के बालिग होने के दस्तावेजों की पुष्टि कर उसे प्रेमी के साथ जाने की अनुमति दी, तो परिजनों का सब्र टूट गया। आक्रोशित माता-पिता ने थाने के बाहर ही अपने ऊपर पेट्रोल छिड़ककर आत्मदाह करने का प्रयास किया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें रोका, लेकिन इस बीच माहौल बेहद तनावपूर्ण हो गया।
हंगामे का फायदा उठाकर कुछ असामाजिक तत्वों ने गंज और कोतवाली थाना क्षेत्र में जमकर उत्पात मचाया। उपद्रवियों ने कचोरी-पकौड़ी की दुकानों और शराब के ठेके में तोड़फोड़ की। दुकानों में लूटपाट कर क्षेत्र में अफरा-तफरी फैला दी। हालात बिगड़ते देख हिंदूवादी संगठनों के पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और विरोध जताया।
जांच में सामने आया कि मध्य प्रदेश का यह परिवार पिछले दो साल से अजमेर में रह रहा था। युवती की सोशल मीडिया के जरिए सुजानगढ़ निवासी युवक से दोस्ती हुई थी। डेढ़ साल पहले दोनों किशनगढ़ में मिले और फिर प्यार परवान चढ़ा। जैसे ही चार महीने पहले युवती बालिग हुई, वह प्रेमी के साथ सुजानगढ़ निकल गई।
गंज थाना प्रभारी महावीर सिंह राठौड़ ने बताया कि युवती बालिग है और उसने अपनी मर्जी से प्रेमी के साथ रहने का बयान दिया है, जिसके बाद उसे सुरक्षा के बीच रवाना कर दिया गया। वहीं, बाजार में हुई तोड़फोड़ और लूटपाट के मामले में अज्ञात हुड़दंगियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।