अजमेर

अजमेर: किशनगढ़ एयरपोर्ट पर ट्रेनिंग के दौरान विमान के टायर में खराबी, 2 घंटे हवा में मंडराने के बाद सेफ लैंडिंग

अजमेर में किशनगढ़ एयरपोर्ट पर गुरुवार को एवीयाना अकादमी का प्रशिक्षण विमान करीब दो घंटे तक हवा में चक्कर लगाता रहा। विमान के व्हील में तकनीकी खराबी आने और जाम होने के कारण उसकी लैंडिंग नहीं हो पा रही थी।
2 min read
Sep 24, 2026
ajmer kishangarh airport emergency landing
ट्रेनिंग के दौरान विमान के टायर में आई खराबी, 2 घंटे बाद हुई सेफ लैंडिंग (पत्रिका फोटो)

Ajmer Kishangarh Airport Emergency Landing: अजमेर में किशनगढ़ एयरपोर्ट पर गुरुवार को ट्रेनिंग उड़ान के दौरान एक ट्रेनी विमान के टायर में खराबी आने के बाद दो घंटे तक हवा में चक्कर काटता रहा। विमान में फ्यूल कम होने के बाद दोपहर करीब 2 बजे एयरपोर्ट पर उसकी क्रैश लैंडिंग कराई गई। हादसे में विमान का पायलट पूरी तरह सुरक्षित है। किसी के हताहत होने की फिलहाल कोई सूचना नहीं है।

जानकारी के अनुसार, ट्रेनी विमान ने गुरुवार सुबह करीब 9:30 बजे किशनगढ़ एयरपोर्ट से ट्रेनिंग उड़ान भरी थी। उड़ान के दौरान करीब 11 बजे एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) को विमान का टायर फटने की सूचना मिली। इसके बाद एयरपोर्ट पर तत्काल इमरजेंसी घोषित कर दी गई। प्रशासन के साथ ही NDRF और SDRF के जवानों को भी किसी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रखा गया।

फ्यूल कम होने का किया गया इंतजार

टायर में खराबी के बाद विमान को तत्काल लैंड कराने के बजाय उसके फ्यूल के कम होने का इंतजार किया गया। विमान करीब तीन घंटे तक एयरपोर्ट के आसपास आसमान में चक्कर काटता रहा। इस दौरान एटीसी और एयरपोर्ट प्रशासन की टीम लगातार विमान की स्थिति पर नजर बनाए रही।

फ्यूल कम होने के बाद विमान को एयरपोर्ट पर उतारने की तैयारी शुरू की गई। लैंडिंग से पहले एहतियात के तौर पर कच्चे रास्ते पर पानी का छिड़काव करवाया गया। इसके बाद दोपहर करीब 2 बजे विमान की क्रैश लैंडिंग कराई गई। लैंडिंग के दौरान किसी बड़ी जनहानि की सूचना नहीं है और पायलट सुरक्षित बताया जा रहा है।

आपात स्थिति से निपटने के लिए पहले से थी तैयारी

विमान के टायर में खराबी की सूचना मिलते ही एयरपोर्ट प्रशासन ने आपात व्यवस्था सक्रिय कर दी थी। NDRF और SDRF के जवानों को मौके पर तैयार रखा गया था। इसके अलावा फायर और बचाव दल को भी अलर्ट रखा गया, ताकि लैंडिंग के दौरान किसी तरह की आपात स्थिति होने पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।

किशनगढ़ एयरपोर्ट पर होती है पायलट ट्रेनिंग

किशनगढ़ एयरपोर्ट पर अवन्या एविएशन की ओर से पायलट ट्रेनिंग दी जाती है। यह नागरिक विमानन महानिदेशालय (DGCA) से मंजूर फ्लाइंग ट्रेनिंग ऑर्गनाइजेशन है। एविएशन से जुड़ी जानकारी के अनुसार, अवन्या एविएशन का बेस किशनगढ़ एयरपोर्ट पर है। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) के रिकॉर्ड में किशनगढ़ एयरपोर्ट पर फायर और बचाव सेवाओं की व्यवस्था भी दर्ज है।

फिलहाल एयरपोर्ट प्रशासन और संबंधित एजेंसियां पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही हैं। विमान के टायर में खराबी किस वजह से आई और लैंडिंग के दौरान विमान को कितना नुकसान हुआ, इसकी जानकारी सामने आना बाकी है।

Updated on:
24 Sept 2026 03:14 pm
Published on:
24 Sept 2026 02:22 pm