24 सितंबर 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

अजमेर: डायलिसिस के इलाज के लिए युवक ने शादी समारोह से चुराए 5 तोला सोना और नकदी, नशे का आदी था

अजमेर जिले में नशे की लत से तबीयत बिगड़ने पर डायलिसिस के लिए पैसों का इंतजाम करने पहुंचे एक युवक ने अपराध का रास्ता चुन लिया। गंज थाना पुलिस ने केकड़ी निवासी शाहरुख को शादी समारोह के दौरान होटल मेरवाड़ा से 5 तोला सोना व नकदी चुराने के आरोप में गिरफ्तार किया है।
2 min read
Google source verification

अजमेर

image

Arvind Rao

image

मनीष कुमार सिंह

Sep 24, 2026

ajmer crime news

शादी समारोह से चुराए 5 तोला सोना और नकदी (फोटो-एआई)

-मनीष कुमार सिंह

Ajmer Crime News: अजमेर जिले में नशे की लत ने पहले सेहत बिगाड़ी और जब इलाज के लिए एक लाख रुपए के खर्च का पता चला तो रकम जुटाने की कोशिश में अपराध का रास्ता चुन लिया। गंज थाना पुलिस के हत्थे चढ़े केकड़ी के युवक ने होटल मेरवाड़ा में शादी समारोह के दौरान कमरे की रेकी कर पांच तोला सोने के जेवर और नकदी चुरा ली। पुलिस ने चोरी गए जेवर बरामद कर लिए हैं। आरोपी से पूछताछ जारी है।

पुलिस पड़ताल में सामने आया कि वह पहले भी होटल में चोरी का प्रयास कर चुका था। इस बार उसने वारदात से कुछ घंटे पहले होटल और कमरों की रेकी की। मौका मिलते ही कमरे से ज्वैलरी का बैग उठाकर निकल गया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपी ने पूछताछ में बताया कि कमरे में अन्य कीमती आभूषण भी रखे थे। इनमें बैग से अधिक कीमत का हार भी रखा था, लेकिन उसे चुराने पर पकड़े जाने का डर था। इसलिए उसने अपनी जरूरत के मुताबिक जेवर वाला बैग ही उठाया।

डायलिसिस के खर्च ने बढ़ाई चिंता

पूछताछ में उसने पुलिस को बताया कि वह नशे का आदी है। इसके चलते उसकी तबीयत खराब हो गई। चिकित्सक ने डायलिसिस की जरूरत बताई। इसके बाद वह इलाज के लिए रकम जुटाने की कोशिश में जुट गया। वह पहली बार होटल आया तो रकम हाथ नहीं लगी और वह लौट गया। दूसरी बार शादी समारोह के दौरान उसे मौका मिल गया।

दूसरे कैमरों ने खोला राज

वारदात के बाद होटल के एक फ्लोर का कैमरा बंद होने की बात सामने आई, जिससे होटल स्टाफ पर संदेह जताया गया। हालांकि, पुलिस ने अन्य कैमरों की फुटेज खंगाली तो आरोपी की गतिविधियां उसमें कैद मिलीं। फुटेज के आधार पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर चोरी के जेवर बरामद किए।

शादी में आए परिवार के कमरे से हुई थी चोरी

होटल में शादी समारोह में शामिल होने आए परिवार के कमरे से पांच तोला सोने के आभूषण और नकदी चोरी हुई थी। रामनगर निवासी श्वेता शर्मा की रिपोर्ट पर गंज थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया। चोरी हुए सामान में मंगलसूत्र, पेंडल सहित चेन और कान के टॉप्स शामिल थे। पुलिस युवक के बताए तथ्यों की जांच कर रही है।

होटल के कमरे से ज्वैलरी चोरी के मामले में जांच जारी है। प्रकरण का खुलासा गुरुवार को किया जाएगा।

-नरेन्द्र सिंह, थानाप्रभारी, गंज