अजमेर

अजमेर-किशनगढ़ हाईवे पर रोडवेज बस में लगी आग, चालक-परिचालक की सूझबूझ से बची 37 यात्रियों की जान

Rajasthan Roadways Bus Fire : अजमेर-किशनगढ़ हाईवे पर मंगलवार दोपहर परासिया स्थित रेलवे ओवरब्रिज पर अजमेर डिपो की एक रोडवेज बस धधक उठी। बस में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। बस में सवार 37 यात्रियों को चालक और परिचालक की सतर्कता से समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
2 min read
Jun 23, 2026
Rajasthan roadways bus fire
अजमेर रोड परासिया स्थित रेलवे ओवरब्रिज पर धधकती रोडवेज बस। पत्रिका 

Ajmer Roadways Bus Fire : अजमेर। जिले के अजमेर-किशनगढ़ हाईवे पर मंगलवार दोपहर परासिया स्थित रेलवे ओवरब्रिज पर अजमेर डिपो की एक रोडवेज बस धधक उठी। बस में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। बस में सवार 37 यात्रियों को चालक और परिचालक की सतर्कता से समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इससे बड़ा हादसा टल गया। आग इतनी भीषण थी कि कुछ ही देर में पूरी बस उसकी चपेट में आ गई और जलकर खाक हो गई।

रोडवेज बस दोपहर करीब 1.15 बजे किशनगढ़ के पुराने बस स्टैंड से 37 यात्रियों को लेकर अजमेर के लिए रवाना हुई। रेलवे ओवरब्रिज पर उसके बोनट से धुआं उठने लगा। चालक भागचंद ने तत्काल परिचालक रामावतार जाटव को इसकी जानकारी दी और बस को ओवरब्रिज पर सड़क किनारे रोक दिया। दोनों ने बोनट खोलकर स्थिति का जायजा लेने का प्रयास किया। इसी दौरान बस में सवार यात्रियों में घबराहट फैल गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए चालक और परिचालक ने सभी यात्रियों को उनके सामान सहित बस से सुरक्षित नीचे उतार दिया।

चालक- परिचालक भी अपने आवश्यक दस्तावेज एवं सामान लेकर बस से उतर गए। देखते ही देखते पूरी बस आग की चपेट में आ गई। मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलने पर किशनगढ़, अजमेर और गेगल टोल नाके से दमकल वाहन मौके पर पहुंचे और आग बुझाने के प्रयास शुरू किए। करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, हालांकि तब तक बस पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण बोनट में शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।

तत्काल पहुंचा फायर दस्ता

सूचना मिलने पर फायर प्रभारी रामप्रसाद चौधरी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आग बुझाने के प्रयास शुरू किए गए। सहायक पुलिस अधीक्षक किशनगढ़ वृत्त (सिटी) अजेयसिंह राठौड़ भी घटनास्थल पर पहुंचे और ओवरब्रिज पर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था का जायजा लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए। गनीमत रही कि चालक-परिचालक की सूझबूझ और त्वरित निर्णय से बस में सवार सभी 37 यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, अन्यथा बड़ा हादसा भी हो सकता था।

Updated on:
23 Jun 2026 06:28 pm
Published on:
23 Jun 2026 06:24 pm