सभी विधानसभा क्षेत्रों में शांतिपूर्ण मतदान जारी है। गांवों से शहरों तक लोग घरों से मतदान के लिए निकलने शुरू हो चुके हैं।
अजमेर.
लोकसभा चुनाव के लिए मतदान जारी है। शहर से गांव तक चुनाव महोत्सव में लोग शामिल हो रहे हैं। मतदान शुरू हुए दो घंटे बीत चुके है। फिलहाल 10 प्रतिशत मतदान ही हो पाया है। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री डॉ. रघु शर्मा ने अपने बेटे सागर शर्मा के साथ केकड़ी विधानसभा क्षेत्र में मताधिकार का प्रयोग किया। उधर पुष्कर विधायक सुरेश सिंह रावत ने भी वोट दिया। मतदान केंद्रों पर अब कतारें बढ़ रही है। लोग उत्साह से मतदान कर रहे हैं।
अजमेर संसदीय क्षेत्र के तहत पुष्कर, नसीराबाद, केकड़ी, किशनगढ़, अजमेर उत्तर, अजमेर दक्षिण, दूदू और मसूदा विधानसभा क्षेत्र शामिल है। सभी विधानसभा क्षेत्रों में शांतिपूर्ण मतदान जारी है। गांवों से शहरों तक लोग घरों से मतदान के लिए निकलने शुरू हो चुके हैं। सुबह का वक्त होने से लोग मतदान में ज्यादा रुचि दिखा रहे हैं।मालूम हो कि शर्मा अजमेर से 2018 में सांसद भी निर्वाचित हो चुके हैं।
गुलाब देवी-अनुष्का की खुशी
मतदान के दौरान कई रंग देखने को मिल रहे हैं। एक तरफ 96 साल की गुलाब देवी ने राजकीय जवाहर स्कूल में मतदान किया। वे करीब 70 साल से मतदान कर रही हैं। मतदान करने के बाद उनकी खुशी देखते ही बनी। इसी तरह नव मतदाता अनुष्का ने भी मतदान किया। वे पहली बार मतदान करने पर उत्साहित नजर आई।