अजमेर

Ajmer: लव मैरिज के बाद SP ऑफिस पहुंचा कपल, फिर पुलिस के सामने जमकर हंगामा; बेटी के लिए बिलखती रही मां

प्रेम विवाह के बाद सुरक्षा की उम्मीद लेकर एसपी कार्यालय पहुंची युवती को शायद अंदाजा नहीं था कि वहां उसके पीहर पक्ष के लोग भी पहुंच जाएंगे।
2 min read
• •
Oct 06, 2026
Love Marriage
विलाप करती मां व प्रेमी युगल। फोटो: पत्रिका/ एआई जनरेटेड

अजमेर। प्रेम विवाह के बाद सुरक्षा की उम्मीद लेकर एसपी कार्यालय पहुंची युवती को शायद अंदाजा नहीं था कि वहां उसके पीहर पक्ष के लोग भी पहुंच जाएंगे। सोमवार दोपहर क्रिश्चियन गंज थाना क्षेत्र से लापता बताई जा रही युवती अपने प्रेमी के साथ अजमेर एसपी कार्यालय पहुंची थी। दोनों सुरक्षा को लेकर पुलिस अधिकारियों से मिलने आए थे। भनक लगने पर पीहर पक्ष के लोग भी वहां पहुंच गए। परिवाद कक्ष के बाहर युवती और उसके प्रेमी को देखते ही परिजन ने हंगामा कर दिया और दोनों पर टूट पड़े। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव कर प्रेमी युगल को बचाया। कुछ देर तक एसपी कार्यालय परिसर में तनाव की स्थिति बनी रही।

हंगामे के बाद युवती की मां परिवाद कक्ष के बाहर बेटी से मिलने और उससे बात करने के लिए काफी देर तक बिलखती रही। मां अपनी बेटी को समझाने की कोशिश करती नजर आई। इस दौरान अजमेर एसपी कार्यालय में लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटनाक्रम की कवरेज कर रहे मीडिया कर्मियों के वीडियो बनाने को लेकर युवती की मां नाराज हो गई। आरोप है कि महिला ने मीडिया कर्मियों से अभद्रता की और कैमरे पर हाथ मारने का प्रयास किया। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने तत्काल दोनों पक्षों को वहां से हटाया।

प्रेमी युगल और पीहर पक्ष को थाने ले गई पुलिस

माहौल को देखते हुए पुलिस प्रेमी युगल के साथ पीहर पक्ष के लोगों को भी सिविल लाइंस थाने ले गई। यहां दोनों पक्षों की बात सुनी गई। पुलिस ने विवाद को शांत कराने के लिए दोनों पक्षों को समझाइश दी। पुलिस के अनुसार, युवती बालिग है और उसने अपनी इच्छा से प्रेम विवाह करने की बात कही है। इसके बाद पुलिस ने पीहर पक्ष के लोगों को समझाया और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए शांत रहने को कहा।

सुरक्षा की मांग को लेकर पहुंचा था युगल

बताया जा रहा है कि युवती अपने प्रेमी के साथ सुरक्षा की मांग को लेकर एसपी कार्यालय पहुंची थी। इसी दौरान पीहर पक्ष के लोगों के वहां पहुंचने से विवाद की स्थिति बन गई। पुलिस ने समय रहते हस्तक्षेप कर मामले को संभाल लिया और दोनों पक्षों को थाने ले जाकर समझाइश की।

Updated on:
06 Oct 2026 11:03 am
Published on:
06 Oct 2026 11:03 am