अजमेर

अजमेर नगर निगम चुनाव नतीजे: 36 साल बाद BJP को झटका, कांग्रेस को मिली बढ़त

Ajmer Nagar Nigam Election Result: अजमेर नगर निगम चुनाव में बड़ा उलटफेर हुआ है। कांग्रेस ने 37 वार्ड जीतकर भाजपा को पीछे छोड़ दिया, जबकि भाजपा को 32 सीटें मिलीं। 11 वार्डों में निर्दलीय और बागियों की जीत से अब सत्ता की चाबी उनके हाथ में है।
2 min read
Sep 15, 2026
ajmer municipal election result
अजमेर. निकाय चुनाव के नतीजे घोषित होने के बाद एक प्रत्याशी के परिजन ने ढोल की थाप पर नाचकर जताई खुशी (Photo-Patrika)

अजमेर. नगर निगम के 80 वार्डों के चुनाव नतीजे सोमवार को घोषित हुए। मतदाताओं ने अप्रत्याशित उलटफेर करते हुए भाजपा को 36 साल बाद झटका दिया। भाजपा 80 में से 32 वार्ड ही जीत सकी। कांग्रेस ने 37 वार्ड जीतकर चौंका दिया। हालांकि दोनों ही दलों को निगम में पूर्ण बहुमत नहीं मिल सका। निर्दलीय और बागी 11 वार्ड जीतने में सफल रहे। अब सत्ता की चाबी निर्दलीयों के हाथ में आ गई है। दोनों दल बहुमत का आंकड़ा पाने के लिए जोड़-तोड़ में लग गए हैं। पॉलिटेक्निक कॉलेज में सुबह 8 बजे ईवीएम से मतगणना शुरू हुई। जैसे-जैसे राउंड आगे बढ़े प्रत्याशियों के समर्थकों-अभिकर्ताओं की धड़कनें तेज हो गईं। सबसे पहले नतीजा वार्ड 56 का घोषित हुआ। यहां निर्दलीय प्रत्याशी ने बाजी मारी। इसके बाद मतगणना का दौर आगे बढ़ता गया। केंद्र और राज्य में सत्तारूढ़ भाजपा के लिए निगम चुनाव नतीजे आशानुकूल नहीं रहे। भाजपा अजमेर उत्तर और अजमेर दक्षिण विधानसभा में महज 32 वार्ड ही जीत सकी।

किशनगढ़ नगर परिषद के 60 वार्डों में भाजपा के 29, कांग्रेस के 21 और 10 निर्दलीय प्रत्याशी विजयी रहे। वहीं ब्यावर नगर परिषद के 60 वार्डों में भाजपा के 23, कांग्रेस के 20, रालोपा के 4 और 13 निर्दलीय प्रत्याशी जीते। केकड़ी पालिका के 40 वार्डों में कांग्रेस ने 20 सीटें जीतकर बढ़त बनाई। भाजपा के 18 और रालोपा के 2 प्रत्याशी विजयी रहे। दूसरी ओर सावर पालिका के 20 वार्डों में भाजपा ने 15 और कांग्रेस ने 5 सीटें जीतीं। सरवाड़ के 25 वार्डों में भाजपा के 15 और कांग्रेस के 10 प्रत्याशी विजयी रहे।

कांग्रेस ने चौंकाया

1990 से लगातार नगर निगम में पराजय झेल रही कांग्रेस ने इस बार बेहतरीन प्रदर्शन से सबको चौंका दिया। कांग्रेस ने 80 में से 37 वार्ड में जीत दर्ज की। टिकट कटने पर बागी बने कई कांग्रेसी भी निर्दलीय चुनाव जीतने में सफल रहे। मालूम हो कि 2010 में हुए चुनाव में कांग्रेस के कमल बाकोलिया महापौर चुने गए थे, लेकिन बोर्ड भाजपा का बना था।

अजमेर नगर निगम

पार्टी / दलजीती गई सीटें
कांग्रेस37
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)32
अन्य / निर्दलीय11
कुल सीटें80
बहुमत के लिए जरूरी41

चर्चित सीट

  • मोनिका: वार्ड 4 से भाजपा प्रत्याशी मोनिका ने निकटतम प्रतिद्वंद्वी हेमा गहलोत को 705 मतों के अंतर से हराया।
  • ये दिग्गज जीते: नौरत गुर्जर, नलिनी शर्मा
  • ये दिग्गज हारे: देवेन्द्र शेखावत, शैलेन्द्र अग्रवाल

सबसे बड़ी जीत

  • विवेक सिंह (वार्ड 07, भाजपा) — 3157 मत
  • निकटतम प्रतिद्वंद्वी: अरुण सिंह — 737 मत

सबसे छोटी जीत

  • सुनील केन (वार्ड 26, कांग्रेस) — 1683 मत
  • निकटतम प्रतिद्वंद्वी: मोहित चौहान — 1679 मत

नेताओं के बयान

"लोकतंत्र में जनता का निर्णय सर्वोपरि है। भाजपा 32 वार्डों में जीत के साथ निर्दलीय पार्षदों के समर्थन से बहुमत के आंकड़े को पार कर रही है। केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक नागरिक तक पहुंचाना पार्टी की प्राथमिकता रहेगी।"
रमेश सोनी, जिलाध्यक्ष, भाजपा


"भाजपा के 36 साल के कुशासन, सड़क, बिजली, पेयजल सहित, सेवन वन्डर्स, फूड कोर्ट के घोटालों के मुद्दों पर कांग्रेस ने चुनाव लड़ा। चुनाव की रणनीति बनाकर पदाधिकारियों के साथ चर्चा की गई। नगर निगम में कांग्रेस का बोर्ड बनाकर शहर के विकास को प्राथमिकता दी जाएगी।"
डॉ राजकुमार जयपाल, जिलाध्यक्ष, कांग्रेस