अजमेर

Road Construction : 22.5 करोड़ की लागत से चमकेंगी अजमेर की ये सड़कें, बजट घोषणा और विधायक कोष से होगा निर्माण

राज्य सरकार की बजट घोषणा एवं विधायक कोष से अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र में 22.5 करोड़ रुपए की सड़कें बनाई जाएंगी। इनमें प्रमुख सड़कों सहित अंदरूनी क्षेत्र की सड़कें शामिल हैं। विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने इसके बारे में जानकारी दी है।
2 min read
May 18, 2026
Ajmer Road
अजमेर उत्तर में सड़कों का होगा निर्माण (फोटो-एआई)

अजमेर। उत्तर विधानसभा क्षेत्र में जल्द ही सड़क नेटवर्क की तस्वीर बदलने जा रही है। राज्य सरकार की बजट घोषणाओं और विधायक कोष के माध्यम से करीब 22.5 करोड़ रुपए की लागत से क्षेत्र में बड़े स्तर पर सड़क निर्माण और नवीनीकरण कार्य किए जाएंगे। इन परियोजनाओं में शहर की प्रमुख सड़कें, कॉलोनियों के मुख्य मार्ग, अंदरूनी गलियां और मिसिंग लिंक सड़कें शामिल हैं। विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने बताया कि इन कार्यों से लंबे समय से खराब और क्षतिग्रस्त सड़कों की समस्या से लोगों को राहत मिलेगी।

उन्होंने बताया कि सरकार की बजट घोषणा के तहत करीब 10 करोड़ रुपए की लागत से कई प्रमुख क्षेत्रों में सड़क निर्माण होगा। इसमें जवाहर रंगमंच से शास्त्री नगर रोड तक, बजरंगगढ़ चौराहा से महावीर सर्किल होते हुए आगरा गेट तक तथा लवकुश उद्यान से आनासागर पुलिस चौकी तक सड़कें विकसित की जाएंगी। इसके अलावा वार्ड 2 में गर्वमेंट स्कूल तक, वार्ड 3 के गणपति नगर में बड़केश्वर महादेव मंदिर से अटलांटिका होटल तक, अम्बे विहार और वार्ड 4 संत कंवर राम कॉलोनी की क्षतिग्रस्त गलियों का निर्माण कराया जाएगा।

आरपीएससी कॉलोनी की गलियां होंगी सुंदर

इसी योजना के तहत वार्ड 5 में चमत्कारी महादेव मंदिर से तेलियों की बगीची गेट तक सड़क, प्रकाश नगर फिल्टर कार्यालय के पास मार्ग, वरुण सागर रोड स्थित कीर्ति नगर मुख्य सड़क, वार्ड 64 और 65 के जवाहर नगर मुख्य मार्ग, वार्ड 67 और 72 में रेम्बल रोड स्थित शिव मंदिर से इंदिरा कॉलोनी नाले तक सड़क बनाई जाएगी। इसके साथ ही वार्ड 71 सागर विहार कॉलोनी, वार्ड 74 छतरी योजना मुख्य मार्ग, वार्ड 79 फ्रेंड्स कॉलोनी, वार्ड 80 सरस डेयरी के पास मुख्य सड़क, आरपीएससी कॉलोनी की गलियां और स्वास्तिक नगर क्षेत्र में भी निर्माण कार्य होंगे।

7 करोड़ से होंगे नॉन-पेचेबल सड़कों के काम

राजस्थान बजट 2026-27 के तहत नॉन-पेचेबल सड़कों के लिए लगभग 7 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं। इसके अंतर्गत बस स्टैंड अम्बेडकर सर्किल से अग्रसेन सर्किल, आनासागर सर्क्यूलर लिंक रोड, क्लॉक टावर थाने से अपना बाजार तक सड़कें विकसित होंगी। वार्ड 3 कृष्णा विहार कॉलोनी, पंचोली चौराहे से लक्ष्मी पैलेस, वार्ड 63 प्रताप नगर गेट से पुलिया, वार्ड 71 पत्रिका कार्यालय और अर्बन हाट के पीछे सड़क निर्माण किया जाएगा।

वरुण सागर रोड भी चमकेगी

इसके अलावा वार्ड 10 लौंगिया मोहल्ला, अम्बे माता मंदिर क्षेत्र, वार्ड 74 जी ब्लॉक झूलेलाल पार्क, वार्ड 68 हाथीभाटा मुख्य सड़क, हाथीखेड़ा सीसी सड़क, बोराज मुख्य सड़क का नवीनीकरण, रावत नगर मुख्य मार्ग, बाड़ी नदी सड़क और वरुण सागर रोड के क्षतिग्रस्त हिस्सों का भी विकास होगा।

आवागमन में होगी सुविधा

मिसिंग लिंक सड़कों के लिए 5.5 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। इसके तहत गणेश मंदिर के पास राज कॉलोनी, ग्राम लोहागल कुम्हार मोहल्ला, माकड़वाली रेलवे पुलिया, काजीपुरा तेजाजी मंदिर मार्ग, लक्की चौराहा गली नंबर-1, चामुंडा कॉलोनी, ईदगाह गली नंबर-2, खाटू श्याम कॉलोनी, रातीडांग सरकारी स्कूल, सूर्यनगरी कॉलोनी, रघुनाथ मार्ग, चूड़ी बाजार से अमरेश्वर महादेव मंदिर, करनी नगर और साकेत कॉलोनी सहित कई क्षेत्रों में सड़क निर्माण होगा। इन निर्माण कार्यों से न केवल यातायात व्यवस्था बेहतर होगी, बल्कि हजारों लोगों को खराब सड़कों की परेशानी से भी राहत मिलने की उम्मीद है।

Published on:
18 May 2026 06:05 am