17 मई 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Baran Overbridge: बारां से झालावाड़ का सफर होगा आसान, जल्द मिलेगी सौगात, अंतिम चरण में पहुंचा ROB प्रोजेक्ट

Baran Overbridge News: बारां-झालावाड़ रोड स्थित निर्माणाधीन तेल फैक्ट्री रेलवे ओवरब्रिज को मानसून से पहले शुरू करने की तैयारी तेज हो गई है। जिला कलक्टर ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया और शेष काम जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।

2 min read
Google source verification
Baran Overbridge News

एआई तस्वीर

बारां। बारां-झालावाड़ रोड स्थित निर्माणाधीन तेल फैक्ट्री रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) को मानसून से पहले शुरू करने की तैयारी तेज कर दी गई है। लंबे समय से निर्माणाधीन इस परियोजना को लेकर प्रशासन अब सक्रिय नजर आ रहा है। जिला कलक्टर बालमुकुंद असावा ने संबंधित अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया और प्रगति की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ब्रिज पर यातायात व्यवस्था और निर्माण की मौजूदा स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान नगर परिषद और सार्वजनिक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारी भी मौजूद रहे।

कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश

निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ब्रिज पर विद्युत व्यवस्था, डामरीकरण, पुलिया क्षेत्र की सफाई और सड़क किनारे पेड़ों की छंटाई जैसे शेष कार्यों को प्राथमिकता से जल्द पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि मानसून शुरू होने से पहले ब्रिज को यातायात के लिए शुरू करने का प्रयास किया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके। जानकारी के अनुसार तेल फैक्ट्री क्षेत्र से दीनदयाल पार्क तिराहे तक कुछ महीनों में आरओबी पर यातायात शुरू होने की संभावना जताई जा रही है।

यातायात व्यवस्था अधिक सुगम होगी

हालांकि इस रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण कार्य 30 नवंबर 2025 तक पूरा किया जाना था, लेकिन विभिन्न कारणों से इसमें देरी हुई और अब तक परियोजना पूरी नहीं हो पाई है। सरकारी सूत्रों के अनुसार तेल फैक्ट्री आरओबी का करीब 90 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है। अब शेष कार्यों को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। क्षेत्र के लोगों को उम्मीद है कि ब्रिज शुरू होने के बाद शहर में यातायात व्यवस्था अधिक सुगम होगी और जाम की समस्या से राहत मिलेगी।

अंता में शुरू हुआ विशेष स्वच्छता अभियान

दूसरी ओर अंता क्षेत्र में विशेष स्वच्छता अभियान की शुरुआत की गई। अभियान के तहत रविवार को जिला कलक्टर बालमुकुंद असावा ने अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी राजीव तोमर के साथ अंता पंचायत समिति क्षेत्र की ग्राम पंचायत पलायथा और बमूलियाकलां का दौरा कर अभियान की जमीनी स्थिति का निरीक्षण किया। विकास अधिकारी राधेश्याम भील ने सभी ग्राम विकास अधिकारियों को गांवों में सर्वे कर प्राथमिकता वाले क्षेत्रों को चिन्हित करने के निर्देश दिए।

तय कार्यक्रम के अनुसार रविवार से सभी ग्राम पंचायतों में दो दिवसीय संपूर्ण स्वच्छता अभियान शुरू किया गया। इस दौरान अतिरिक्त विकास अधिकारी चंद्र बदन गौतम, सहायक विकास अधिकारी शिवशंकर मीणा, ग्राम विकास अधिकारी धनराज राठौर, ललित मीणा, वार्ड पंच और ग्रामीण मौजूद रहे।