
अजमेर। छठ पूजा, पुष्कर मेले और ख्वाजा मोईनुद्दीन चिश्ती के 815वें उर्स को देखते हुए अजमेर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। रेलवे प्रशासन की ओर से स्टेशन पर बढ़ती भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है। मंडल रेल प्रबंधक राजू भूतड़ा की अगुवाई में व्यवस्थाओं की विशेष मॉनिटरिंग की जा रही है। इसके लिए रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी भी अलग-अलग जिम्मेदारियां संभाल रहे हैं।
मंडल रेल प्रबंधक राजू भूतड़ा ने बताया कि अजमेर रेलवे स्टेशन पर सामान्य दिनों में प्रतिदिन औसतन 54 हजार यात्रियों की आवाजाही रहती है। दीपावली और छठ पूजा के चलते पिछले दो-तीन दिनों में यात्रियों की संख्या बढ़कर 91 हजार तक पहुंच गई है। वहीं, आगामी उर्स के दौरान यह आंकड़ा एक लाख तक पहुंचने का अनुमान है। इसे देखते हुए रेलवे ने स्टेशन पर भीड़ प्रबंधन, यात्री सुविधाओं और सुरक्षा के लिए अतिरिक्त इंतजाम किए हैं।
यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए अजमेर, उदयपुर सिटी और मदार स्टेशन से 11 ऑन डिमांड स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया गया है। इसके अलावा अजमेर मंडल से संचालित होने वाली सात से अधिक ट्रेनों में अतिरिक्त कोच जोड़े गए हैं। 17 नवंबर से शुरू होने वाले पुष्कर मेले और उर्स के दौरान यात्रियों की संभावित भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त ट्रेनों के संचालन का भी प्रावधान किया जाएगा।
रेलवे स्टेशन पर आरक्षण कार्यालय और अनारक्षित टिकट बुकिंग हॉल के सामने अस्थायी होल्डिंग एरिया तैयार किए गए हैं। यहां यात्रियों के लिए पर्याप्त रोशनी, पेयजल और यूरिनल की व्यवस्था की गई है। यात्रियों को सही प्लेटफॉर्म और ट्रेन की जानकारी देने के लिए साइनेज लगाए गए हैं। साथ ही ट्रेनों के आगमन की नियमित उद्घोषणा की जा रही है।
भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आरक्षित और अनारक्षित यात्रियों के प्रवेश की अलग-अलग व्यवस्था की गई है। प्लेटफॉर्म से यात्रियों की सीधी निकासी के लिए मिडिल फुट ओवरब्रिज खोला गया है। पीक आवर्स में टिकटों की सुविधा के लिए अतिरिक्त यूटीएस काउंटर शुरू किए गए हैं। गांधी भवन से अनारक्षित टिकट लेने की व्यवस्था भी की गई है।
वहीं, होल्डिंग एरिया में चार एटीवीएम मशीनें लगाई गई हैं। यात्रियों की सहायता के लिए 24 घंटे रेल मदद स्टाफ तैनात रहेगा। वहीं, स्टेशन के वॉर रूम में सीसीटीवी कैमरों के जरिए 24 घंटे निगरानी रखी जा रही है। रेलवे प्रशासन का फोकस त्योहारों और धार्मिक आयोजनों के दौरान यात्रियों की सुरक्षित एवं सुगम आवाजाही सुनिश्चित करना है।